देवरिया : आकाशीय बिजली से चार लोग झुलसे

असगर अली/देवरिया। जनपद के बैतालपुर क्षेत्र में मंगलवार सुबह आकाशीय बिजली गिरने से चार लोग गंभीर रूप से झुलस गए। इनमें पिता-पुत्र भी शामिल हैं। नगर पंचायत बैतालपुर के वार्ड संख्या-9 आनंद नगर के ग्रामीण मंगलवार सुबह खेतों में धान की रोपाई कर रहे थे। अचानक तेज हवा के साथ बारिश शुरू होने पर वे पास के एक मुर्गी फार्म के शेड में शरण लिए थे। सुबह करीब 8:30 बजे मुर्गी फार्म पर अचानक आकाशीय बिजली गिरी, जिसकी चपेट में आकर वहां मौजूद चार लोग झुलस गए। घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और आसपास के ग्रामीण दौड़ पड़े। घायलों की पहचान ऋषिकेश यादव (20), रामप्रवेश यादव (55), रामआश्रय प्रसाद (56) और रानी (17) के रूप में हुई है। ऋषिकेश यादव और रामप्रवेश यादव पिता-पुत्र हैं। ग्रामीणों ने तत्काल सभी घायलों को महर्षि देवरहा बाबा मेडिकल कॉलेज, देवरिया पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद ऋषिकेश यादव की गंभीर हालत को देखते हुए चिकित्सकों ने उन्हें बीआरडी मेडिकल कॉलेज, गोरखपुर रेफर कर दिया। अन्य घायलों का इलाज देवरिया मेडिकल कॉलेज में चल रहा है। इस घटना के बाद स्थानीय प्रशासन ने लोगों को बारिश और गरज-चमक के दौरान खुले स्थानों, पेड़ों या अस्थायी शेड के नीचे खड़े होने से बचने की सलाह दी है।




