कंचन गुप्ता बनी असिस्टेंट कमिश्नर, परिजनों में खुशी की लहर

चंदौली । जनपद के मुग़लसराय नगर स्थित कृष्णा नगर कॉलोनी, चंधासी निवासी कुमारी कंचन गुप्ता ने अपनी मेहनत और लगन के बल पर वाणिज्य कर विभाग में असिस्टेंट कमिश्नर के पद पर चयनित होकर पूरे क्षेत्र का नाम रोशन किया है। उन्होंने इस प्रतिष्ठित परीक्षा में ऑल इंडिया रैंक 9 प्राप्त कर एक नई मिसाल कायम की है। कंचन गुप्ता की प्रारंभिक शिक्षा केंद्रीय विद्यालय से हुई, जहाँ से उन्होंने वर्ष 2019 में अपनी स्कूली शिक्षा पूरी की। इसके बाद उन्होंने बनारस हिंदू विश्वविद्यालय से वर्ष 2022 में इकोनॉमिक्स ऑनर्स की डिग्री हासिल की। अपनी पढ़ाई के दौरान ही उन्होंने प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी शुरू कर दी थी, जिसका परिणाम आज इस सफलता के रूप में सामने आया है।
कंचन के पिता नरेश कुमार चकिया स्थित एक प्राथमिक विद्यालय में शिक्षक हैं, जबकि उनकी माता श्रीमती वंदना देवी एक गृहिणी हैं। साधारण पारिवारिक पृष्ठभूमि से आने के बावजूद कंचन ने अपनी कड़ी मेहनत और दृढ़ संकल्प से यह उपलब्धि हासिल की है।
कंचन की इस सफलता से पूरे क्षेत्र में खुशी का माहौल है। स्थानीय लोगों, परिजनों और शुभचिंतकों ने उन्हें बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है। यह सफलता न केवल उनके परिवार के लिए, बल्कि जिले के अन्य विद्यार्थियों के लिए भी प्रेरणा का स्रोत बनी है।



