
संवाददाता / दोहरीघाट (मऊ)। क्षेत्र के दोहरीघाट कस्बा, गोठा एवं सूरजपुर सहित क्षेत्र के मस्जिदों में शुक्रवार को अलविदा जुमे की नमाज शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में सकुशल सम्पन्न हुई। इस दौरान क्षेत्र में भाईचारे और एकता का सुंदर संदेश देखने को मिला। नमाज के अवसर पर सुरक्षा व्यवस्था को लेकर पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क और मुस्तैद नजर आया। प्रभारी निरीक्षक संजय कुमार त्रिपाठी के नेतृत्व में पुलिस बल सुबह से ही मस्जिदों के आसपास तैनात रहा। संवेदनशील स्थलों के साथ-साथ आने-जाने वाले मार्गों पर भी पुलिस की विशेष निगरानी रही, जिससे किसी भी प्रकार की अव्यवस्था या अप्रिय घटना की संभावना को पूरी तरह समाप्त किया जा सके। अलविदा जुमे की नमाज अदा करने के लिए बड़ी संख्या में मुस्लिम समुदाय के लोग मस्जिदों में पहुंचे। नमाज के दौरान प्रशासन द्वारा शांति, सौहार्द और अनुशासन बनाए रखने की अपील की गई, जिसका लोगों ने पूरी तरह पालन किया। नमाज के बाद लोगों ने एक-दूसरे को गले मिलकर अमन-चैन और भाईचारे का संदेश दिया। पूरे आयोजन के दौरान कहीं से भी किसी प्रकार की अव्यवस्था की सूचना नहीं मिली। प्रशासन की मुस्तैदी और जनता के सहयोग से नमाज सकुशल सम्पन्न हुई, जिसे लेकर स्थानीय लोगों ने संतोष व्यक्त किया।
घोसी। रमज़ान के अंतिम जुमा यानी ‘अलविदा जुमा’ की नमाज शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई। इस अवसर पर नगर की विभिन्न मस्जिदों में कड़ी सुरक्षा व्यवस्था की गई थी और पुलिस प्रशासन पूरी तरह मुस्तैद रहा। नमाज अदा करने के लिए बड़ी संख्या में नमाज़ी मस्जिदों में एकत्र हुए। उन्होंने अल्लाह से देश में अमन-चैन और प्रगति के लिए दुआ मांगी। अलविदा जुमा के मद्देनजर, संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी रखी गई थी, जबकि भीड़भाड़ वाले इलाकों में पुलिस लगातार गश्त करती रही। सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने के उद्देश्य से, कोतवाली प्रभारी निरीक्षक प्रमेंद्र सिंह ने अपने सहकर्मियों के साथ नगर की विभिन्न मस्जिदों का दौरा किया। उन्होंने नमाजियों से बातचीत कर उन्हें सुरक्षा का आश्वासन दिया और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की।पुलिस प्रशासन की सतर्कता और स्थानीय लोगों के सहयोग से अलविदा जुमा की नमाज पूरी तरह शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न हुई। नमाज के बाद लोगों ने एक-दूसरे को गले लगाकर रमज़ान की विदाई दी और ईद की शुभकामनाएं दीं।





