पूर्व ब्लॉक प्रमुख ने गड़ई नदी का स्थलीय निरीक्षण

चन्दौली। पीडीडीयू नगर–चकिया रोड के चौड़ीकरण कार्य के दौरान गड़ई नदी को पाटे जाने के विरोध ने जोर पकड़ लिया है। रविवार को पूर्व प्रमुख बाबूलाल यादव ने मौके पर पहुंचकर स्थल निरीक्षण किया। साथ ही क्षेत्रीय किसानों से बातचीत कर स्थिति का जायजा लिया।
इस दौरान उन्होंने कहा कि सड़क चौड़ीकरण से पहले गड़ई नदी के प्राकृतिक प्रवाह और जल निकासी की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। कहा कि यदि नदी को पाट दिया गया तो सैकड़ों किसानों की हजारों हेक्टेयर कृषि भूमि प्रभावित होगी। बरसात और बाढ़ के समय खेतों में जलभराव की समस्या गंभीर रूप ले सकती है। जिससे फसलें बर्बाद होंगी और किसानों को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ेगा। आरोप लगाया कि सत्तापक्ष के लोग किसानों को केवल आश्वासन दे रहे हैं। नदी की सफाई और संरक्षण के नाम पर बजट में कटौती कर महज औपचारिकता निभाने की योजना बनाई जा रही है। जबकि गड़ई नदी के अस्तित्व को बचाने के लिए उसके विस्तारीकरण और गहरीकरण की आवश्यकता है। चेताया कि यदि शीघ्र ठोस कार्रवाई नहीं की गई तो जिलाधिकारी कार्यालय का घेराव कर व्यापक आंदोलन शुरू किया जाएगा। इस दौरान क्षेत्र के कई ग्रामीण भी मौजूद रहे और नदी संरक्षण की मांग का समर्थन किया। इस मौके पर तेजबली यादव, कमला कन्नौजिया, शमशेर बिंद, बसंत मौर्य, छोटू बिंद, संजय भारती, सुरेश बिंद, चंद्रशेखर चन्ना, अखिलेश बिंद, बाबुनंदन बिंद आदि मौजूद रहे।




