वाराणसी : चोलापुर में रमजान व होली को लेकर शांति समिति की बैठक सम्पन्न

वाराणसी : चोलापुर में रमजान व होली को लेकर शांति समिति की बैठक सम्पन्न
अजीत पांडेय /वाराणसी । माहे रमजान और आगामी त्यौहार होली के मद्देनज़र चोलापुर थाना परिसर में शांति समिति (पीस कमेटी) की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता थाना अध्यक्ष दीपक कुमार ने की,जिसमें थाना क्षेत्र के सभी ग्राम प्रधानों,संभ्रांत नागरिकों एवं गणमान्य लोगों ने भाग लिया। बैठक के दौरान क्षेत्र में कानून-व्यवस्था की स्थिति की विस्तार से समीक्षा की गई तथा दोनों प्रमुख त्योहारों को आपसी भाईचारे,शांति और सौहार्द के साथ मनाने पर जोर दिया गया। थाना अध्यक्ष दीपक कुमार ने उपस्थित लोगों से अपील की कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को दें। उन्होंने कहा कि पुलिस प्रशासन त्योहारों के दौरान पूरी तरह सतर्क है और शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए आवश्यक कदम उठाए गए हैं। ग्राम प्रधानों और स्थानीय नागरिकों ने भी अपने-अपने क्षेत्रों की जानकारी साझा की तथा प्रशासन को हर संभव सहयोग देने का आश्वासन दिया। बैठक में साफ-सफाई,बिजली,पेयजल,जुलूस मार्ग,नमाज स्थल एवं होलिका दहन स्थलों की व्यवस्था पर भी चर्चा की गई,ताकि किसी प्रकार की असुविधा या विवाद की स्थिति उत्पन्न न हो। थाना अध्यक्ष ने स्पष्ट किया कि शांति भंग करने की कोशिश करने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाएगी। साथ ही उन्होंने सोशल मीडिया पर भ्रामक या आपत्तिजनक पोस्ट साझा न करने की भी हिदायत दी। बैठक सौहार्दपूर्ण वातावरण में सम्पन्न हुई और सभी ने मिलकर यह संकल्प लिया कि रमजान और होली का पर्व क्षेत्र में पारंपरिक उल्लास,भाईचारे और आपसी सद्भाव के साथ मनाया जाएगा।




