
गाजीपुर। मां सरस्वती पैरा मेडिकल कॉलेज महेगवां, मरदह के एक छात्र की मंगलवार को अपरान्ह करीब तीन बजे कालेज की चौथी मंजिल से गिरने से संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। बताया गया कि मृत छात्र विपुल यादव (21 वर्ष) पुत्र जयप्रकाश यादव बिरनो थाना क्षेत्र के रुहीपुर गांव का निवासी था और मां सरस्वती पैरा मेडिकल कॉलेज महेगवां, मरदह में डी. फार्मा का छात्र था। मंगलवार की दोपहर बाद वह मोबाइल पर किसी से वार्तालाप करते हुए कालेज की चौथी मंजिल तक जा पहुंचा। अचानक वार्तालाप के दौरान ही वह तैश में आकर वहीं से कूद कर मरणासन्न स्थिति में जा पहुंचा। कालेज परिसर में अप्रत्याशित रूप से हुई इस घटना से कालेज प्रशासन सकते में आ गया और आनन फानन में गम्भीर स्थिति में उसे तत्काल इलाज के लिए मऊ चिकित्सालय पहुंचाया लेकिन उसे बचाया नहीं जा सका। विपुल की आकस्मिक मौत की सूचना पर उसके परिजनों में कोहराम मच गया। वे रोते बिलखते उसके पास पहुंचे। ड्राइवर पिता जयप्रकाश यादव के दो पुत्रों में वह बड़ा बेटा था। बेटे की मौत से गमगीन मां शकुंतला देवी और परिजनों का बुरा हाल रहा। विपुल का शव गांव लाए जाने के बाद मरदह और बिरनो थाने की पुलिस मौके पर तैनात रही। विपुल के मोबाइल वार्तालाप को लेकर तरह तरह की चर्चाएं जारी रहीं कि वह आखिर बात किससे कर रहा था और क्या बात हुई कि आखिर विपुल को कूदना पड़ा। मरदह थाना प्रभारी तारावती के अनुसार शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। यह घटना क्यों और किन परिस्थितियों में हुई इसकी गहनता से जांच की जा रही है। जांच के बाद ही मौत का कारण स्पष्ट हो पायेगा।




