घोसी में संपूर्ण समाधान दिवस आयोजित, 40 शिकायतों में 3 का मौके पर निस्तारण

संवाददाता
घोसी, मऊ। जनसमस्याओं के त्वरित एवं प्रभावी समाधान के उद्देश्य से घोसी तहसील सभागार में संपूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता मुख्य राजस्व अधिकारी दिनेश ने की। इस दौरान फरियादियों की समस्याओं को गंभीरता से सुना गया और संबंधित अधिकारियों को समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निस्तारण के निर्देश दिए गए।
संपूर्ण समाधान दिवस में उपजिलाधिकारी अशोक कुमार सिंह एवं तहसीलदार धर्मेंद्र कुमार पाण्डेय ने फरियादियों की शिकायतें सुनीं। उपजिलाधिकारी अशोक कुमार सिंह ने स्पष्ट निर्देश दिए कि सभी मामलों का निस्तारण पारदर्शिता, प्राथमिकता और गुणवत्ता के साथ किया जाए, ताकि आम जनता को बार-बार कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें। संपूर्ण समाधान दिवस के दौरान कुल 40 शिकायतें प्राप्त हुईं, जिनमें से 3 मामलों का मौके पर ही निस्तारण कर दिया गया।
प्राप्त शिकायतों में राजस्व विभाग की 29, पुलिस विभाग की 2, विकास विभाग की 4, विद्युत विभाग की 1, आपूर्ति विभाग की 1, नगर पंचायत से संबंधित 1 तथा अन्य विभागों की 2 शिकायतें शामिल रहीं।
अधिकारियों ने शेष मामलों के शीघ्र निस्तारण के लिए संबंधित विभागों को आवश्यक निर्देश जारी किए।
इस मौके पर पुलिस क्षेत्राधिकारी जितेंद्र कुमार सिंह, नगर पंचायत घोसी के अधिशासी अधिकारी अनिल कुमार, नगर पंचायत दोहरीघाट के अधिशासी अधिकारी मनोज कुमार यादव सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।




