देवरिया:अनियंत्रित कार की टक्कर से प्रधानाध्यापक की हुई मृत्यु

असगर अली
देवरिया ।जनपद के खुखुंदू थाना क्षेत्र में आज देर शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे में उच्च प्राथमिक विद्यालय के प्रभारी प्रधानाध्यापक की मौत हो गई। यह दुर्घटना मगहरा गांव के पास उस समय हुई, जब वह बाइक से घर लौट रहे थे।मृतक की पहचान थाना खामपार क्षेत्र के बखरी बाजार गांव निवासी 45 वर्षीय उमेश पाण्डेय पुत्र रामसकल पांडेय के रूप में हुई है। उमेश पाण्डेय बुधवार शाम मगहरा से बाइक द्वारा अपने घर वापस जा रहे थे, तभी एक कार ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर के बाद वह सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।हादसे के बाद मौके पर पहुंचे स्थानीय लोगों ने उन्हें तुरंत मेडिकल कॉलेज पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने जांचोपरांत उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलने पर सदर कोतवाली पुलिस मेडिकल कॉलेज पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक उमेश पाण्डेय गांव के उच्च प्राथमिक विद्यालय में प्रभारी प्रधानाध्यापक के पद पर तैनात थे। उनके मृत्यु की सूचना पर परिजनों का रो रो कर बुरा हाल है पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई। पुलिस के अनुसार पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।




