मऊ : सपा जिला उपाध्यक्ष की माता का निधन, क्षेत्र में शोक की लहर

सतीश कुमार पांडेय
मऊ। समाजवादी पार्टी के जिला उपाध्यक्ष, पूर्व छात्र नेता एवं घोसी तहसील क्षेत्र के टड़ियांव गांव निवासी रणधीर सिंह की माता का सोमवार को निधन हो गया। वे 78 वर्ष की थीं। उनका निधन गुजरात प्रांत के बड़ोदरा स्थित एक निजी अस्पताल में इलाज के दौरान हुआ। जैसे ही उनके निधन की सूचना क्षेत्र में पहुंची, राजनीतिक, सामाजिक और शैक्षिक जगत में शोक की लहर दौड़ गई। समाजवादी पार्टी के पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं सहित बड़ी संख्या में शुभचिंतक रणधीर सिंह के आवास पर पहुंचकर शोक संवेदना व्यक्त कर रहे हैं। परिजनों के अनुसार, दिवंगता का पार्थिव शरीर सोमवार को पूर्वाह्न लगभग 9 बजे तक पैतृक गांव टड़ियांव, घोसी पहुंचने की संभावना है, जहां धार्मिक रीति-रिवाजों के साथ अंतिम संस्कार किया जाएगा।
दिवंगता सत्यराम जनता इंटर कॉलेज, कल्यानपुर में लिपिक पद से सेवानिवृत्त जयप्रकाश सिंह की धर्मपत्नी थीं। उनके परिवार में तीन पुत्र हैं। दिवंगता अपने मिलनसार स्वभाव और सामाजिक सरोकारों के लिए जानी जाती थीं। इस दुःखद अवसर पर समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेताओं, जनप्रतिनिधियों, सामाजिक संगठनों तथा क्षेत्रवासियों ने दिवंगत आत्मा की शांति की कामना करते हुए शोक संतप्त परिवार के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त की है।




