सोनभद्र:अवैध खनन पाये जाने पर दोषियों के विरूद्ध होगी कड़ी कार्यवाही

मे. कृष्णा माइनिंग खदान में हुई घटना की त्रिस्तरीय करायी जाएगी जांच : प्रभारी मंत्री
राकेश चंदेल
हिन्दुस्तान संदेश सोनभद्र।बिल्ली मारकुंडी के मे कृष्णा माइनिंग खदान में हुई घटना में मृतकों के परिजनों से पोस्टमार्टम हाउस पहुंचकर प्रदेश सरकार के स्टाम्प एवं पंजीयन मंत्री/जनपद के प्रभारी मंत्री रवीन्द्र जायसवाल ने मुलाकात किया। इस दौरान प्रभारी मंत्री ने दुर्घटना में मृतक व्यक्तियों के परिजनों से मिलकर शोक संवेदना व्यक्त की। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी व मुख्यमंत्री योगी आदित्य नाथ के निर्देशन में आप सभी से मुलाकात करने आया हूॅ। उन्होंने कहा कि दुर्घटना में मृतक व्यक्तियों के परिजनों को लगभग 20 लाख 55 हजार रूपये की आर्थिक सहायता राशि विभिन्न माध्यमें से उपलब्ध करायी जायेगी। कहा कि बिल्ली मारकुंडी में मे कृष्णा माइनिंग खदान में हुई दुर्घटना की त्रिस्तरीय जाॅच करायी जायेगी। त्रिस्तरीय जाॅच पुलिस विभाग, खनन विभाग व जिला प्रशासन के माध्यम से करायी जायेगी, जाॅच में यदि अवैध खनन तथा मानक के अनुरूप कार्य न पाये जाने पर सम्बन्धित दोषी के विरूद्ध कड़ी कार्यवाही की जायेगी। मुख्यमंत्री योगी आदित्य नाथ के नेतृत्व में प्रदेश में जीरो टालरेंस नीति के रूप में कार्य हो रहा है। इसमें किसी भी स्तर पर लापरवाही बरतने वालों के विरूद्ध कार्यवाही सुनिश्चित की जायेगी। इस मौके पर विधायक सदर भूपेश चैबे, जिलाधिकारी बीएन सिंह, पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा, भाजपा जिलाध्यक्ष नन्दलाल गुप्ता आदि मौजूद थे। इससे पूर्व प्रभारी मंत्री ने बिल्ली मारकुंडी में मे कृष्णा माइनिंग खदान में पहुंचकर एनडीआरएफ, एसडीआरएफ जवानों के द्वारा किये जा रहे राहत/बचाव कार्य का जायजा लिया। कहा कि सुरक्षात्मक व्यवस्था को अपनाते हुए राहत व बचाव कार्य किया जाए।




