अलीगढ़ :ताला कारोबारी की पत्नी के सिर पर पिस्टल लगाकर लाखों की लूट करने वाले 2 आरोपी पुलिस मुठभेड़ में गिरफ्तार

डॉ सतीश वर्मा
अलीगढ़। जिले में ताला कारोबारी के घर में पत्नी को बंधक बनाकर लूट की घटना को अंजाम देने वाले बदमाशों के साथ पुलिस की मुठभेड़ हो गई। इस पुलिस मुठभेड़ में दो बदमाश शाहरुख और नावेद के पैर में गोली लगी है। दोनों बदमाशों को पुलिस ने इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया। लेकिन जिला अस्पताल के डॉक्टरों ने दोनों घायल बदमाशों की हालत को देखते हुए जेएन मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। पुलिस की मुठभेड़ इन बदमाशों से ऊपरकोट नगर कोतवाली इलाके के मथुरा हाइवे पुल के पास हुई। वहीं पुलिस ने दोनों बदमाशों के कब्जे लुटे हुए सामान में से 87 हजार नगद, एक सोने की चैन, पेंडल,अंगूठी समेत एक अवैध पिस्टल, एक तमंचा, 32 बोर जिंदा कारतूस व एक खोखा, 315 बोर का एक कारतूस बरामद किया। पुलिस मुठभेड़ में पकड़े गए दोनों शातिर बदमाश शाहरुख और नावेद सिविल लाइन और कोतवाली नगर के रहने वाले है यह दोनों गैंगस्टर व हिस्ट्रीशीटर है। पूर्व में भी यह दोनों कई घटनाओं को अंजाम दे चुके है। थाना कोतवाली व क्रिमिनल इंटेलीजेंस विंग की संयुक्त टीम ने कार्रवाई करते हुए इन दोनों शातिर बदमाश को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया है। पुलिस को अभी इनके अन्य फरार 3 साथियों की तलाश है। जिसके लिए पुलिस की कई टीमें लगातार दबिश दे रही है। बता दें कि 21 मई देर शाम तेज आंधी के बीच नकाबपोश बदमाशों ने लूट की दुस्साहसिक घटना को अंजाम दिया था। कोतवाली क्षेत्र के घनी आबादी वाले आतिश बाजान मोहल्ला में ताला कारखाना संचालक के घर से 14 लाख रुपये कीमत के जेवरात-नकदी लूट ले गए थे। घटना के वक्त ताला कारोबारी नमाज पढ़ने गए थे। तभी उनकी अकेली बुजुर्ग पत्नी को बंधक बनाकर इस वारदात को अंजाम दिया गया।




