देवरिया :आग लगने से दो घर और चार दर्जन बकरियां जलकर हुई राख

असगर अली
देवरिया। जनपद भाटपार रानी थाना क्षेत्र के चकिया क्षेत्र के शंकरपुरा गांव में बीती रात भीषण आग लगने से कई परिवार तबाह हो गए। सूत्रों के अनुसार यह आग विद्युत के शॉर्ट सर्किट के कारण लगी। अभी लोग कुछ समझ पाते तब तक आग विकराल रूप धारण कर लिया। इस घटना में लाल मोहर प्रसाद, चुन्नी प्रसाद, सैलादेवी और सुभाष प्रसाद के घर का सारा सामान, अनाज, कपड़े, बर्तन और अन्य घरेलू वस्तुएं जलकर राख होगया। ग्रामीणों के अनुसार देर रात अचानक आग की लपटें उठीं और कुछ ही मिनटों में कई घर इसकी चपेट में आ गए। इस हादसे में सुभाष की 22 बकरियों सहित कुल लगभग 60 बकरियां जलकर मर गईं।
घटना की सूचना मिलते ही गांव में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोग, पुलिस और अग्निशमन दल मौके पर पहुंच कर बड़ी मशक्कत से आग पर काबू पाया लेकिन जब तक आग बुझा तब तक काफी नुकसान हो चुका था। फिलहाल राजस्व विभाग की टीम घटना स्थल पर पहुंच कर नुकसान का आकलन कर रही है। वहीं, ग्रामीणों ने शासन से राहत सामग्री और वित्तीय सहायता की मांग की है। इस भीषण अग्निकांड से पीड़ित परिजनों का बुरा हाल है क्यों कि उनके शरीर पर कपड़ों को छोड़ कुछ भी नहीं बचा है।




