
सतीश कुमार पांडेय
करहां, मऊ। कमालपुर पहाड़पुर में आयोजित स्व. वंश गोपाल चौहान स्मृति कबड्डी प्रतियोगिता का समापन बुधवार की भोर में रोमांचक फाइनल मुकाबले के साथ हुआ। मऊ स्टेडियम की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए चेरुईडीह को 34-30 के अंतर से मात देकर विजेता का खिताब अपने नाम किया। वहीं इब्राहिमपुर की टीम तीसरे स्थान पर रही। विजेता टीमों को ट्राफी, मेडल, आकर्षक इनाम व नकद निर्धारित धनराशि प्रदान कर विदा किया गया। फाइनल मुकाबले में दोनों टीमों के बीच कड़ा संघर्ष देखने को मिला। उतार-चढ़ाव भरे खेल में आख़िरी क्षणों में मऊ स्टेडियम की टीम ने बढ़त बनाते हुए ट्रॉफी पर कब्जा जमाया। प्रतियोगिता में कुल 26 आमंत्रित टीमों ने भाग लिया था, जो मंगलवार दिन से लेकर बुधवार भोर तक चली। विजेता टीम को आयोजन समिति की ओर से ₹11,111 की नकद राशि, ट्रॉफी और व्यक्तिगत पुरस्कार प्रदान किए गए। उपविजेता चेरुईडीह को ₹7,777 व ट्रॉफी, जबकि तीसरे स्थान पर रही इब्राहिमपुर की टीम को ₹3,333 नकद इनाम व पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। सर्वश्रेष्ठ रीडर का खिताब चंद्रशेखर चौहान और सर्वश्रेष्ठ डिफेंडर का पुरस्कार अरमान अहमद को दिया गया। दोनों को ₹1,111 व मेडल प्रदान किया गया।
कार्यक्रम का शुभारंभ पत्थर व टाइल्स के व्यवसायी कैलाश चौहान, नगर पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि दीपक गुप्ता डायमंड, जिला पंचायत सदस्य खैराबाद अमरनाथ चौहान और करहां जिला पंचायत सदस्य महेंद्र यादव ने संयुक्त रूप से किया। पूर्व प्रधान प्रेमचंद चौहान, वर्तमान प्रधान प्रतिनिधि कंचन कुमार, राधेश्याम राजभर, अजय चौहान, जालंधर चौहान, राजरोहन राजभर, राकेश राजभर, प्रदीप चौहान, चंद्रजीत चौहान, अमानुल्लाह अंसारी, मनोज राजभर, बदरे आलम, भूपेंद्र चौहान, चंद्रभूषण चौहान, सिकंदर विश्वकर्मा, डाक्टर शिवम चौहान आदि दर्जनों लोंगो के सहयोग व उपस्थिति से विजेताओं को पुरस्कृत किया गया।




