चार नवंबर से आजमगढ़ में शुरू होगा एसआईआर, 3869 बीएलओ करेंगे घर-घर सर्वे

गोविन्द लाल शर्मा
आजमगढ़। जिले में विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) के तहत चार नवंबर से घर-घर मतदाता सर्वे शुरू होगा। इसके लिए जनपद के 10 विधानसभा क्षेत्रों में 3869 बीएलओ (बूथ लेवल अधिकारी) की तैनाती की गई है। वर्ष 2003 के बाद यह पहला विशेष गहन पुनरीक्षण होगा, जिसमें मतदाताओं के विवरण को अद्यतन किया जाएगा।बीएलओ प्रत्येक घर जाकर मतदाताओं से फार्म भरवाएंगे, जिसमें पहचान पत्र की छायाप्रति और हस्ताक्षर आवश्यक होंगे। सत्यापन के बाद वरिष्ठ अधिकारी की मुहर लगेगी। इस सर्वे में मतदाता सूची से नाम संशोधित या हटाए भी जा सकते हैं।जनपद के 10 विधानसभा क्षेत्रों में कुल 37 लाख 14 हजार 258 मतदाता पंजीकृत हैं, जिनमें 19.57 लाख पुरुष, 17.57 लाख महिला और 63 थर्ड जेंडर शामिल हैं। लालगंज विधानसभा क्षेत्र में सबसे अधिक 4.12 लाख मतदाता, जबकि निजामाबाद में सबसे कम 3.34 लाख मतदाता हैं।जिले में 2291 मतदान केंद्र और 3869 मतदेय स्थल बनाए गए हैं। निर्वाचन आयोग ने निर्देश दिया है कि किसी भी मतदेय स्थल पर 1200 से अधिक मतदाता नहीं होने चाहिए।बुधवार को अपर जिलाधिकारी (प्रशासन) राहुल विश्वकर्मा ने सभी राजनीतिक दलों व उप जिला निर्वाचन अधिकारियों के साथ बैठक कर तैयारियों की समीक्षा की।




