आजमगढ़:ननिहाल से घर वापस लौट रहे युवक को पिकअप ने रौंदा, हुई मौत

गोविन्द लाल शर्मा
आजमगढ़। निजामाबाद तहसील क्षेत्र के मोइयां तिराहा के पास बुधवार शाम तेज रफ्तार पिकअप वाहन ने एक मोटरसाइकिल सवार युवक को रौंद दिया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। देखते ही देखते घटनास्थल पर भीड़ जुट गई। सूचना मिलते ही थाना निजामाबाद की पुलिस मौके पर पहुंची और गंभीर रूप से घायल युवक को एम्बुलेंस से जिला अस्पताल भेजा गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक की पहचान करन पुत्र दयाराम, निवासी खोजापुर, थाना सिधारी के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि करन इन दिनों अपने ननिहाल शहरिया गांव आया हुआ था और अपनी मोटरसाइकिल पर गेहूं लादकर घर वापस जा रहा था, तभी यह हादसा हो गया। थाना प्रभारी निजामाबाद, हिरेंद्र प्रताप सिंह ने बताया कि युवक को गंभीर हालत में अस्पताल भेजा गया था, जहां उसकी मौत हो गई। पिकअप वाहन और उसके चालक की तलाश जारी है, और पुलिस मामले की जांच कर रही है।




