
गोविन्द लाल शर्मा
आज़मगढ़। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हेमराज मीना के निर्देशन में साइबर अपराध व अपराधियों पर प्रभावी नियंत्रण हेतु चलाए जा रहे अभियान के तहत साइबर थाना आजमगढ़ की टीम ने फर्जी ट्रेडिंग ऐप के माध्यम से ठगे गए पीड़ित को 3 लाख रुपये वापस कराया है।
पुलिस के अनुसार , एक पीड़ित को टेलीग्राम ग्रुप में एक ट्रेडिंग ऐप के बारे में बताया गया। इस ऐप के माध्यम से निवेश कर पैसे कई गुना बढ़ाने का लालच दिया गया। शुरुआत में छोटे निवेश पर मुनाफा दिखाकर विश्वास दिलाया गया, जिससे प्रभावित होकर पीड़ित ने बड़ा निवेश कर दिया। इसके बाद अचानक ऐप बंद हो गया और पैसे वापसी के लिए चार्ज के रूप में और पैसों की मांग की जाने लगी। तब पीड़ित को संदेह हुआ और उसने साइबर थाना आजमगढ़ में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के आधार पर साइबर थाना में धारा 419/420 IPC एवं 66C/66D IT एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर विवेचना प्रारंभ की गई।
एसएसपी के आदेश, एएसपी (यातायात) व साइबर क्राइम नोडल अधिकारी विवेक त्रिपाठी के निर्देशन और क्षेत्राधिकारी सदर आस्था जायसवाल के मार्गदर्शन में प्रभारी निरीक्षक देवेन्द्र प्रताप सिंह, हे0का0 ओमप्रकाश जायसवाल एवं का0 एजाज खान की टीम द्वारा उक्त रकम की बरामदगी सुनिश्चित की गई।




