Slide 1
Slide 1
देवरिया

देवरिया : डीएम की अध्यक्षता में बरहज तहसील में सम्पूर्ण समाधान दिवस का आयोजन

असगर अली, ब्यूरो चीफ/देवरिया। जिलाधिकारी दिव्या मित्तल की अध्यक्षता में सोमवार को तहसील बरहज सभागार में सम्पूर्ण समाधान दिवस का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में फरियादियों ने पहुंचकर अपनी समस्याएं जिलाधिकारी के समक्ष प्रस्तुत कीं। जिलाधिकारी ने एक-एक फरियादी की समस्या को गंभीरता से सुना और संबंधित विभागों के अधिकारियों को त्वरित, गुणवत्तापूर्ण एवं पारदर्शी निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिये । जिलाधिकारी ने कहा कि शासन की मंशा के अनुरूप आमजन की समस्याओं का शीघ्र समाधान किया जाना प्राथमिकता में है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि शिकायतों के निस्तारण में संवेदनशीलता बरतें तथा प्रत्येक प्रकरण को गंभीरता से लेते हुए समयबद्ध ढंग से निपटाएं।

उन्होंने स्पष्ट कहा कि जिन मामलों का समाधान मौके पर संभव नहीं हो सका है, उन्हें निर्धारित समयसीमा के भीतर प्राथमिकता के आधार पर निस्तारित किया जाए। साथ ही यह भी निर्देश दिए कि लंबित मामलों की नियमित समीक्षा की जाए और प्रगति से उच्चाधिकारियों को अवगत कराया जाए। सम्पूर्ण समाधान दिवस में कुल 67 शिकायती प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए। इनमें 14 राजस्व विभाग, 25 पुलिस विभाग, 07 विकास विभाग, 07 खाद्य एवं रसद/शिक्षा विभाग, 02 समाज कल्याण विभाग तथा 12 अन्य विभागों से संबंधित प्रकरण शामिल रहे। मौके पर ही 06 प्रार्थना पत्रों का निस्तारण कर फरियादियों को तत्काल राहत प्रदान की गई, जबकि शेष प्रकरणों को संबंधित विभागों को आवश्यक कार्रवाई हेतु प्रेषित किया गया।

इसके अतिरिक्त, मौके पर ही दोनों पात्र लाभार्थियों को अन्त्योदय राशन कार्ड वितरित कर उन्हें तत्काल लाभान्वित किया गया। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि पात्र व्यक्तियों को शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ प्राथमिकता के आधार पर सुनिश्चित किया जाए।उन्होंने कहा कि सम्पूर्ण समाधान दिवस का उद्देश्य आमजन की समस्याओं का एक ही स्थान पर त्वरित एवं प्रभावी समाधान सुनिश्चित करना है, जिससे लोगों को अनावश्यक कार्यालयों के चक्कर न लगाने पड़ें। इस दौरान जनपद स्तरीय अधिकारी, खंड विकास अधिकारी, तहसील स्तरीय कर्मचारी एवं थानाध्यक्ष सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button