काशी विद्यापीठ : अन्तर्राष्ट्रीय योग दिवस के मद्देनजर कुलपति की अध्यक्षता हुई बैठक

विश्व कीर्तिमान बनाने पर जोर
डॉ शिव यादव
वाराणसी। महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ में अन्तर्राष्ट्रीय योग दिवस ‘एक पृथ्वी, एक स्वास्थ्य’ की तैयारियों के मद्देनजर कुलपति प्रो. आनन्द कुमार त्यागी की अध्यक्षता में बैठक संपन्न हुई। कुलपति प्रो. त्यागी ने कहा कि विश्वविद्यालय की कुलाधिपति एवं राज्यपाल, उ.प्र. आनंदीबेन पटेल ने प्रधानमंत्री के सपनों को साकार करने के लिए विश्वविद्यालयों से आग्रह किया है कि सभी अपनी सहभागिता सुनिश्चित करें। इसी क्रम में काशी विद्यापीठ में अन्तर्राष्ट्रीय योग दिवस पर बढ़-चढ़कर सहभागिता कर रहा है। कुलपति प्रो. त्यागी ने बताया कि अन्तर्राष्ट्रीय योग दिवस 21 जून को सर्वप्रथम प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी के कार्यक्रम का सीधा प्रसारण विश्वविद्यालय परिसर स्थित गांधी अध्ययनपीठ सभागार में सुबह 07 से 07:45 बजे तक किया जायेगा। इसमें विश्वविद्यालय परिवार के सभी सदस्य उपस्थित रहेंगे। इसके बाद विश्व कीर्तिमान स्थापित किये जाने के उद्देश्य से विश्वविद्यालय परिसर के ललित कला विभाग, मानविकी संकाय, समाज कार्य विभाग के राजाराम शास्त्री सभागार एवं क्रीड़ा परिषद सभागार में एक साथ ‘सूर्य नमस्कार योग मुद्रा’ कार्यक्रम होगा। उक्त कार्यक्रमों में विश्वविद्यालय के सभी संकायाध्यक्ष, विभागाध्यक्ष, निदेशक, पाठ्यक्रम प्रभारी, अध्यापकगण, अधिकारीगण, कर्मचारीगण सहित छात्र-छात्राओं की उपस्थिति अनिवार्य है। उन्होंने बताया कि विश्वविद्यालय के मुख्य परिसर, गंगापुर परिसर, भैरव तालाब परिसर, एनटीपीसी परिसर सहित सभी सम्बद्ध महाविद्यालयों में भी अन्तर्राष्ट्रीय योग दिवस मनाया जायेगा। बैठक में कुलसचिव डॉ. सुनीता पाण्डेय, परीक्षा नियंत्रक दीप्ति मिश्रा, उपकुलसचिव हरीश चन्द व आनन्द कुमार मौर्य, सहायक कुलसचिव डॉ. आनन्द कुमार सिंह, नर्मदेश्वर प्रसाद सिंह बब्बू, सम्पत्ति अधिकारी डॉ. सूर्यनाथ सिंह सहित विश्वविद्यालय के सभी संकायाध्यक्ष, निदेशक, विभागाध्यक्ष आदि उपस्थित रहे।




