चंदौली : एसडीएम पति-पत्नी के आपसी विवाद का ममला सुर्ख़ियों में बना
एफआईआर में चौंकाने वाले आरोप

चंदौली। जनपद में तैनात एसडीएम पति-पत्नी के बीच आपसी विवाद का मामला अब सुर्खियों में आ गया है।मामले में गंभीर और सनसनीखेज आरोप भी लगाए गए हैं। दोनों ही अधिकारी एक ही जिले में तैनात हैं।चंदौली सदर की एसडीएम दिव्या ओझा और चंदौली के ही पंडित दीन दयाल उपाध्याय नगर तहसील के एसडीएम अनुपम मिश्रा की शादी साल 2020 में हुई थी,लेकिन अब तलाक का मामला चल रहा है।इस बीच एसडीएम दिव्या ओझा के पिता ने एसडीएम अनुपम मिश्रा के खिलाफ सनसनीखेज आरोप लगाए हैं। दिव्या ओझा के पिता निशाकांत ओझा ने अपने दामाद और एसडीएम अनुपम मिश्रा पर दहेज उत्पीड़न और शारीरिक-मानसिक प्रताड़ना देने के साथ-साथ कई अन्य आरोप लगाते हुए बीते 17 मार्च को प्रतापगढ़ में एफआईआर दर्ज कराई है।
चंदौली के पंडित दीनदयाल उपाध्याय नगर तहसील के एसडीएम अनुपम मिश्रा की शादी चंदौली सदर में तैनात एसडीएम दिव्या ओझा के साथ 2020 में हुई थी। 2017 बैच की पीसीएस अधिकारी दिव्या ओझा मूल रूप से प्रतापगढ़ की रहने वाली हैं और 2019 बैच के अधिकारी अनुपम मिश्रा नैनी प्रयागराज के रहने वाले हैं।बताया जाता है कि शादी के कुछ समय बाद से ही दोनों के बीच वैचारिक मतभेद सामने आने लगे।इसी दौरान दोनों लोगों की पोस्टिंग चंदौली जिले में हो गई।विवाद को सुलझाने के लिए कई बार कोशिश की गई, लेकिन बात नहीं बनी।बीतते वक्त के साथ दोनों के बीच दूरियां बढ़ती गई।हालात यहां तक आ गए कि इस पूरे मामले पर मुकदमे बाजी भी शुरू हो गई।4 महीने पहले अनुपम मिश्रा ने कोर्ट में तलाक फाइल कर दिया।दोनों के बीच कोर्ट केस भी शुरू हो गया।
एसडीएम दिव्या ओझा के पिता निशाकांत ओझा ने बीते 17 मार्च को प्रतापगढ़ के महिला थाना में एसडीएम दामाद,उनके पिता मां और दो बहनों के खिलाफ केस दर्ज करवाया। एफआईआर के मुताबिक दिव्या ओझा के पिता निशाकांत ओझा ने आरोप लगाया है कि उनका दामाद शारीरिक रूप से अक्षम है और यह शादी झूठ बोलकर की गई।साथ ही दहेज़ में 20 करोड़ रुपए की डिमांड की भी गई थी।निशाकांत ओझा ने अपने एसडीएम दामाद पर अपनी बेटी को मारने पीटने, शारीरिक और मानसिक रूप से प्रताड़ित करने,जानलेवा हमला करने और अश्लील वीडियो बनाकर ब्लैक मेल करने का भी आरोप लगाया है।फिलहाल इस मामले पर दोनों ही एसडीएम का कोई भी बयान सामने नहीं आया है। निशाकांत ओझा ने आरोप लगाया है कि शादी के बाद से ही उनकी बेटी को लगातार प्रताड़ित किया जा रहा था। 7 दिसंबर 2025 की रात करीब 2 बजे दिव्या ओझा पर जानलेवा हमला किया गया,इसके अलावा 2 दिसंबर 2025 और 6 सितंबर 2025 को भी उनके साथ मारपीट की गई।तहरीर में यह भी कहा गया है कि जब उन्होंने इस मामले की शिकायत स्थानीय अधिकारियों से की,तो कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई, उलटा उनकी बेटी को करियर बर्बाद करने की धमकी दी जाती रही। फिलहाल पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है।




