आगरा: पुलिस ने घर में किया नजरबंद, तो गुस्साए सपा सांसद ने नोटिस फाड़कर फेंका

आकाश वर्मा
आगरा। समाजवादी पार्टी के राज्यसभा सांसद रामजी लाल सुमन को सोमवार सुबह फिर नजरबंद कर दिया गया। जिससे गुस्साए सपा सांसद ने पुलिस का नोटिस मौके पर ही फाड़कर फेंक दिया। आगरा पुलिस ने यह कार्रवाई तब की जब वह मथुरा के भूरेका गांव में एक पीड़ित दलित परिवार से मिलने के लिए घर से निकलने की तैयारी कर रहे थे। सांसद सुमन अपने प्रतिनिधिमंडल के साथ गांव रवाना होने ही वाले थे, लेकिन इससे पहले पुलिस बल ने उनके आगरा स्थित आवास को घेर लिया और उन्हें बाहर निकलने से रोक दिया।
पुलिस अधिकारियों ने सांसद को सुरक्षा कारणों का हवाला देते हुए मथुरा न जाने की सलाह दी, लेकिन सांसद सुमन ने इसे सिरे से खारिज करते हुए कहा, हर बार जब हम पीड़ितों की आवाज़ बनने निकलते हैं, सरकार हमें रोक देती है। यह लोकतंत्र नहीं, दमन है। उन्होंने कहा कि भूरेका गांव में एक दलित परिवार की शादी में दबंगों ने उत्पात मचाया, जिसकी शिकायतों को प्रशासन गंभीरता से नहीं ले रहा। जब जनप्रतिनिधि ही नहीं पहुंच पाएंगे तो न्याय कैसे मिलेगा? बता दें कि मथुरा के भूरेका गांव में एक दलित परिवार की शादी के दौरान कुछ दबंगों ने न सिर्फ तोड़फोड़ की बल्कि दूल्हे के परिवार के लोगों को जातिसूचक गालियां भी दीं और हथियारों से धमकाया। वही रामजी लाल सुमन को यह कोई पहली बार नजरबंद नहीं किया गया है।




