
गाजीपुर।प्रज्ञा प्रवाह’ माड्यूल के अंतर्गत तीन दिवसीय प्रशिक्षण जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (डायट) सैदपुर में प्राचार्य श्रीप्रकाश सिंह के निर्देशन में संचालित है। मानवीय एवं संवैधानिक मूल्यों के विकास पर आधारित प्रशिक्षण में विभिन्न विषयों पर आयोजित सत्रों में राष्ट्रीय शिक्षा नीति के आलोक में मानवीय मूल्यों, संवैधानिक आदर्शों, नागरिक कर्तव्यों, समावेशी शिक्षा तथा मूल्य-आधारित शिक्षण पद्धतियों आदि पर प्रशिक्षण दिया।प्रशिक्षण प्रभारी डॉ. अर्चना सिंह एवं नोडल डॉ. मंजर कमाल की देख-रेख में डॉ. शाजिया रसीदी, आलोक कुमार, डॉ. सर्वेश कुमार राय एवं अंकिता सिंह द्वारा गतिविधि-आधारित शिक्षण, संवादात्मक अभ्यास एवं विद्यालय-स्तरीय कार्ययोजना निर्माण पर बल दिया गया। इससे पूर्व प्रशिक्षण के उद्घाटन के अवसर पर अभय चंद्रा, निधि सोनकर, आलोक तिवारी एवं शिवकुमार पांडेय आदि उपस्थित रहे। अतिथियों ने अपने संबोधन में वर्तमान शैक्षिक परिदृश्य में विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास हेतु मानवीय एवं संवैधानिक मूल्यों का शिक्षण की आवश्यक पर बल दिया। कहा गया कि ऐसे प्रशिक्षण कार्यक्रम शिक्षकों को कक्षा-कक्ष में मूल्यों के प्रभावी समावेशन के लिए सशक्त बनाते हैं। प्रतिभागी शिक्षकों ने प्रशिक्षण को उपयोगी एवं प्रेरणादायी बताते हुए इसे विद्यालयी शिक्षा की गुणवत्ता संवर्धन की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया।




