
असगर अली
देवरिया। पुलिस मुठभेड़ में 25 हजार के इनामी बदमाश मंटू यादव को गिरफ्तार कर लिया। बदमाश के बाएं पैर में गोली लगी है। महर्षि देवरहा बाबा मेडिकल कॉलेज में उसका इलाज चल रहा है। पकड़े गए बदमाश की पहचान मंटू यादव पुत्र अखिलेश यादव मदनपुर थाना क्षेत्र के बभनी बेलवानिया के रूप में हुई है। उस पर आजमगढ़ जनपद पुलिस ने पच्चीस हजार का इनाम घोषित किया था। अपर पुलिस अधीक्षक दक्षिणी सुनील कुमार सिंह ने बताया कि अपराध पर रोकथाम के लिए चलाए जा रहे अभियान के क्रम में सुरौली व थाना मदनपुर पुलिस की संयुक्त टीम द्वारा पकड़ी बाजार में शुक्रवार की भोर में संदिग्ध व्यक्तियों/वाहनों की चेकिंग की जा रही थी। उसी दौरान मुखबिर द्वारा सूचना दिया गया कि ग्राम सुकईपुरा से ठाकुरदेवा पुल की तरफ आने वाली सड़क से बाइक से एक बादमाश आ रहा है। इस सूचना पर थाना सुरौली पुलिस व थाना मदनपुर पुलिस द्वारा दो टीमें बनाकर आने वाले बादमाश का इंतजार करने लगे। थोड़ी देर में एक मोटरसाइकिल सवार सुकईपुरा से ठाकुरदेवा पुल की तरफ आता हुआ दिखाई दिया। दोनों पुलिस टीमों द्वारा उक्त मोटरसाइकिल सवार को टार्च की रोशनी से रूकने का इशारा किए जाने पर मोटरसाइकिल सवार गाड़ी न रोककर तेजी से पीछे मोड़कर भागना चाहा कि मोटरसाइकिल के साथ फिसलकर गिर गया और अपनी मोटरसाइकिल वहीं पर छोड़कर सुकईपुरा की तरफ भागने लगा। पुलिस टीम द्वारा उसका पीछा किया गया तो उक्त बादमाश ने जान से मारने की नियत से पुलिस टीमों पर फायर कर दिया। पुलिस की जबाबी कार्यवाही में उक्त अभियुक्त के बायें पैर में घुटने के नीचे गोली लगी और वह वहीं गिर गया। उसे पुलिस अभिरक्षा में लेते हुए तत्काल अस्पताल भेजवाया गया। उसके पास से एक तमन्चा, तीन जिन्दा कारतूस, बाइक बरामद हुई है। उसके विरुद्ध थाना सुरौली पर मु0अ0सं0-06/2026 धारा 109,317(2) बी0एन0एस0 व 3/25 आयुध अधिनियम का अभियोग पंजीकृत करते हुए नियमानुसार अग्रिम विधिक कार्यवाही की जा रही है।




