Slide 1
Slide 1
कुशीनगरक्राइम

कुशीनगर:खनन माफियाओं की गुंडई,सहायक अभियंता को पीटा

कुशीनगर। योगी सरकार मे जहां गुण्डा-माफिया और तस्कर सलाखों के पीछे अथवा जहन्नुम की यात्रा कर रहे है वही बालू तस्कर बेखौफ व बेलगाम है। इन तस्करो के हौसले इतने बुलंद है कि वह सरकारी मुलाजिमों पर हमला करने से भी खौफ नही खा रहे है। बीते दिनों बाढ खण्ड के सहायक अभियंता पर बालू तस्करों ने उस समय हमला कर दिया जब वह बंधे का निरीक्षण के दौरान सफेद बालू से लदी ट्रैक्टर-ट्रॉली को रोककर मेन रोड से जाने की सलाह दी। नतीजतन चालक के फोन पर आठ दस की संख्या मे पहुचे बालू माफियाओं के गुर्गों सहायक अभियंता पर टूट पडे और जमकर पिटाई की। मजे की बात यह है कि सहायक अभियंता द्वारा तहरीर देने के चौबीस घंटे बीतने के बाद भी जटहां पुलिस ने मुकदमा दर्ज नही किया। ऐसे मे पुलिस की कार्यशैली और सरकारी मुलाजिमों की सुरक्षा पर सवाल उठना मुनासिब है।

जनपद के जटहां बाजार थाने को दिये गये तहरीर मे बाढ खण्ड के सहायक अभियंता विवेक त्रिपाठी ने कहा है कि 11 अप्रैल शुक्रवार को दोपहर 12 बजे के बाद अपने कर्मचारी विंध्याचल के साथ कटाई भरपुरवा तटबंध का निरीक्षण कर रहे थे। इसी  दौरान सफेद बालू लदी ट्रैक्टर-ट्रॉली पहुंची तो उन्होंने ट्रैक्टर-ट्रॉली को रोककर चालक से मेन रोड से जाने को कहा। उन्होने बताया कि ग्रामीणों द्वारा बार-बार शिकायत की जा रही है कि ओवरलोड बालू लदी गाड़ियों के गुजरने से चार माह पूर्व बंधे पर बनी पिच टूट गई है। इसको देखते हुए चालक से ओवरलोड ट्रैक्टर-ट्रॉली को मेन रोड से ले जाने की सलाह दी। इसके बाद ट्रैक्टर चालक ने फ़ोन कर बालू माफियाओं से बात की। कुछ ही देर में दस से ज्यादा लोग बंधे पर पहुंच गए और उन पर हमला बोल दिए।

दोबारा नजर न आने की दी धमकी
सहायक अभियंता विवेक त्रिपाठी ने कहा कि बालू माफियाओं ने धमकी दी कि वह यहां नजर आए तो बहुत पीटेंगे। हालांकि इस घटना के 24 घंटे बाद भी पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की है। लोगों का कहना है कि काफी दिनों से कटाई भरपुरवा के दियारा क्षेत्र में रात में बालू माफियाओं द्वारा अवैध रूप से खनन किया जा रहा है। इस सम्बंध में थाना प्रभारी मनोज कुमार वर्मा ने बताया कि मामला संज्ञान में है। जांच की जा रही है। दोषियों पर कार्रवाई होगी। सीओ अभिषेक प्रताप अजेय का कहना है कि सूचना मिली है। जटहा एसओ से अभियोग दर्ज करने  को कहा गया है। पुलिस इस मामले की जांच कर रही है।

पुलिस की कार्यशैली पर सवाल
बेशक! बालू माफियाओं के आगे जिले की पचलिस नतमस्तक है। यही वजह है कि बाढ खण्ड के सहायक अभियंता द्वारा अधिकारी तहरीर देने के  एक दिन बाद भी जटहा बाजार पुलिस ने बालू माफियाओं के खिलाफ  मुकदमा दर्ज नहीं किया है। पुलिस की इस इस कार्य शैली को लेकर स्थानीय लोगों और प्रशासनिक अधिकारियों में रोष व्याप्त है। सवाल यह हैं कि क्या खनन माफियाओं के प्रभाव के आगे जटहां बाजार पुलिस लाचार और विवश है?

बेलगाम खनन माफियायों का दबदबा
जनपद में बेखौफ अवैध बालू खनन हो रहा है यह अवैध कारोबार लंबे समय से गंभीर समस्या बना हुआ है। जिले के खड्डा तहसील क्षेत्र के मदनपुर, भेड़िहारी, भैंसहा, पनियहवा, कटाई भरपुरवा सहित दर्जनों घाटों पर अवैध खनन जोरों पर है। कप्तानगंज, हाटा, कसया और तमकुहीराज तहसील क्षेत्रों में भी माफिया बेखौफ होकर नदियों और तटबंधों से बालू निकाल रहे हैं। ओवरलोड वाहनों के जरिए बालू की ढुलाई न केवल पर्यावरण को नुकसान पहुंचा रही है, बल्कि तटबंधों की संरचना को भी कमजोर कर रही है। स्थानीय लोगो का कहना हैं कि माफियाओं का दबदबा इतना बढ़ गया है कि वे सरकारी अधिकारियों को मारने-पीटने और भी धमकाने से नहीं डरते है।

तटबंधों की सुरक्षा खतरे में
कटाई भरपुरवा, एपी तटबंधों पर ओवरलोड वाहनों की आवाजाही से तटबंध पर अतिरिक्त दबाव पड़ रहा है, जिससे इसके क्षतिग्रस्त होने का खतरा बढ़ गया है। बाढ़ खंड के अधिकारियों ने चेतावनी दी है कि यदि अवैध खनन और ओवरलोड परिवहन पर तत्काल प्रभाव से रोक नहीं लगाई गई, तो तटबंध की सुरक्षा खतरे मे आ सकती है।

  स्थानीय लोगों में आक्रोश
इस घटना को लेकर स्थानीय लोगों में भारी रोष व्याप्त है, लोगो का कहना है कि जब सरकारी अधिकारी ही सुरक्षित नहीं हैं, तो आम जनता की सुरक्षा की  क्या गारंटी है ? लोगों का आरोप है कि खनन माफियाओं को स्थानीय स्तर पर प्रभावशाली लोगों और सफेदपोशों का संरक्षण प्राप्त है, जिसके वजह से  बेरोकटोक खनन का अवैध कारोबार चल रहा है।
रिपोर्ट- संजय चाणक्य

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button