वाराणसी: दाल मंडी में सड़क चौड़ीकरण की तैयारी तेज,146 मकान और 6 मस्जिद चिन्हित

सरफराज अहमद
वाराणसी । जिले में दालमंडी के चौड़ीकरण को लेकर नापजोख के साथ सर्वे का भी काम जारी है। पीडब्ल्यूडी के सर्वे में 146 मकानों को चिह्नित किया गया है। चौड़ीकरण की जद में छह मस्जिदें भी आएंगी। इसकी सूची बनाकर पीडब्ल्यूडी ने शासन-प्रशासन को भेज दिया है। आने वाले दिनों में इस सड़क को 56 फीट चौड़ा किया जाएगा। इस पर 210 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। माना जा रहा है सड़क चौड़ीकरण के बाद यहां रोजगार के अवसर खुलेंगे। होटल, मॉल, व्यावसायिक कॉम्प्लेक्स आदि खोले जाएंगे।
पिछले दिनों नापजोख के अलावा तिरपाल हटवाने का काम शुरू किया गया था। आधी दालमंडी की नापी हो चुकी है। बाकी का काम भी पूरा होगा। इसके लिए पुलिस का चक्रमण यहां लगातार जारी है। मुसाफिरखाना के पास पुलिस की एक मोबाइल वैन अक्सर खड़ी रहती है।
इस सड़क को चौड़ी करने से विश्वनाथ धाम जाने वाले श्रद्धालुओं को सहूलियत होगी। यहां मुस्लिम आबादी अधिक है। शहर में बढ़ते जाम को देखते हुए दालमंडी की सड़क को चौड़ा किया जाएगा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश के बाद अधिकारी सक्रिय हैं। यहां कारोबार करने वाले अपने कारोबार को लेकर चिंतित हैं। अचानक से बाजार से हटने के कारण उन्हें व्यापार के लिए दूसरा विकल्प तलाशना होगा। आने वाले दिनों में यहां के व्यापारी अधिकारियों से मुलाकात कर अपनी बात रखेंगे। इसके लिए पत्रक तैयार कराया जा रहा है।
बनारस का सुपर मार्केट है दालमंडी
बनारस का सुपर मार्केट दालमंडी को कहा जाता है। यहां हर प्रकार की दुकानें हैं। कपड़े, जूलरी, खानपान, पूजा पाठ, मोबाइल, इलेक्ट्रॉनिक्स दुकानों की लाइनें लगी हैं। यहां पूरे पूर्वांचल से लोग कारोबार के सिलसिले में आते हैं। दिन में यहां पैदल चलना मुश्किल होता है लेकिन रात में चार पहिया गाड़ी से लोग नई सड़क से चौक पांच मिनट में पहुंच जाते हैं।




