वाराणसी में तेंदुआ दिखा, युवक को किया घायल
पुलिस ने दिए सतर्कता के निर्देश, वन विभाग हुआ सक्रिय
डीसीपी वरुणा जोन प्रमोद कुमार ने कहा कि सूचना मिली थी कि थाना चौबेपुर क्षेत्र के चिरईगांव बलुआ रोड के समीप तेंदुआ दिखाई दिया है। सूचना के बाद स्थानीय लोगों को विशेष सतर्कता बरतने के लिए कहा गया है। वन विभाग की टीम को भी इसकी सूचना दी गई थी। सारनाथ परिक्षेत्र के वन विभाग के कर्मचारी और अधिकारी मौके पर मौजूद हैं। तेंदुए को पकड़ने के लिए लगभग 200 मीटर के दायरे को खंगाला जा रहा है। साथ ही आसपास के क्षेत्र की निगरानी भी की जा रही है।
वन विभाग की टीम ने पिंजरे मंगवाए हैं, जो अलग-अलग जगहों पर लगाए जा रहे हैं। वन विभाग की टीम लाउडहेलर के माध्यम से लोगों को घरों में रहने के साथ सतर्कता बरतने की सलाह दे रही है। सूचना है कि अब तक तेंदुए के हमले से एक व्यक्ति जख्मी हुआ है। हालांकि इलाज के बाद उसकी हालत ठीक बताई जा रही है। सरकारी महकमे तेंदुएं की तलाश में हैं साथ ही ग्रामीण भी अपनी तैयारियों में जुटे हुए हैं। ऐसा माना जा रहा है कि जल्द ही तेंदुआ पकड़ा जाएगा।





