देवरिया:दो बाईकों के टक्कर में एक की मौत दूसरा गंभीर घायल

असगर अली
देवरिया ।जनपद में नवनियुक्त सहायक सांख्यिकी अधिकारी की सड़क हादसे में मौत हो गई। रविवार देर रात वह बाइक से शादी समारोह से लौट रहे थे, तभी सामने से आ रही बाइक से जोरदार टक्कर हो गई। हादसा इतना भीषण था कि बाइकें 50 मीटर तक घिसटती चली गईं। हेलमेट न पहनने के चलते सहायक सांख्यिकी अधिकारी का सिर फट गया और उनकी मौत हो गई। जबकि दूसरा बाइक सवार गंभीर रूप से घायल है। हादसा कोतवाली क्षेत्र के औरा चौरी के पास चौराहे पर रविवार रात 11 बजे हुआ। 20 अक्टूबर को मृतक नितियूष सिंह का सहायक सांख्यिकी आधिकारिक पद पर चयन हुआ था। 18 दिसंबर को गोंडा में जॉइनिंग थी। नितियूष की छ : महीने पहले देवरिया की ही दिव्या मिश्रा से शादी हुई थी। दिव्या चेन्नई में केंद्रीय विद्यालय में शिक्षिका हैं। वह छुट्टी पर घर आई हुई हैं। पति की मौत की खबर मिलते ही वह रो-रोकर बेसुध हो गईं। भाई से लिपटकर फूट-फूटकर रोने लगीं। घर की महिलाओं ने उन्हें ढांढस बंधाया।नितियूष भुजौली कॉलोनी में परिवार के साथ रहते थे। पिता चकबंदी विभाग में मुख्य अनुरेखक हैं। छोटा भाई निखिल सिंह घर पर ही रहता है। एक बहन है, जिसकी शादी हो चुकी है। नितियूष रविवार को बैतालपुर में एक शादी में गए थे। रात 11 बजे घर लौट रहे थे तभी पुरवा चौराहे के पास स्पीड में आ रही एक बाइक ने उनकी बाइक में टक्कर मार दी।नितियूष घिसटते हुए गहरे गड्ढे में जा गिरे। उन्होंने हेलमेट नहीं पहना था। इसके चलते उनके सिर में गंभीर चोट लगी। यही मौत की वजह भी बनी। दूसरी बाइक पर सवार गौरव मिश्रा (32) की हालत भी गंभीर है। उनका अस्पताल में इलाज चल रहा। हादसे की जानकारी मिलते ही सदर विधायक डॉ. शलभ मणि त्रिपाठी पोस्टमॉर्टम हाउस पहुंचे। उन्होंने परिजनों को ढांढस बंधाया।




