आजमगढ़:मंदिर निकली चार लड़कियां गायब,परिजनों ने दी तहरीर

गोविन्द लाल शर्मा
आजमगढ़। जनपद के रौनापार थाना क्षेत्र के मानिकपुर गांव की चार लड़कियां मंगलवार सुबह हनुमान मंदिर जमुवारी दर्शन के लिए गई थीं, जो देर शाम तक घर नहीं लौटीं। परिजनों ने खोजबीन के बाद थाने में तहरीर देकर मामले की जानकारी दी।परिजनों के अनुसार, चारों लड़कियां सुबह करीब 8 बजे घर से दो किलोमीटर दूर स्थित हनुमान मंदिर गई थीं। इसके बाद उनका कोई पता नहीं चला। परिजनों ने उनके मोबाइल नंबर पर संपर्क करने की कोशिश की, लेकिन फोन बंद मिला। एक लड़की की मां ने बताया कि उनकी बेटी ने सुबह 7:30 बजे मंदिर जाने के लिए पैसे मांगे थे। पैसे नहीं होने की बात कहकर वह दूसरी जगह चली गईं, लेकिन वापस लौटने पर बेटी घर पर नहीं थी। एक अन्य परिजन ने बताया कि शाम को एक अज्ञात नंबर से फोन आया, जिसमें उनकी बेटी ने बताया कि वह गांव के ही राजन, पुत्र त्रिलोकी, के साथ है, लेकिन उसने अपनी लोकेशन नहीं बताई। इसके बाद उक्त नंबर पर दोबारा संपर्क नहीं हो सका। परिजनों ने आसपास और रिश्तेदारों के यहां तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। रौनापार थाना पुलिस ने तहरीर के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस लड़कियों की तलाश में जुटी है और मोबाइल नंबरों की कॉल डिटेल्स खंगाल रही है।




