देवरिया : प्रेक्षक की अध्यक्षता में राजनीतिक दलों के साथ बैठक संपन्न

असगर अली
देवरिया। जनपद में प्रेक्षक सिद्धार्थ जैन संयुक्त सचिव, सहकारिता मंत्रालय, भारत सरकार की अध्यक्षता में विकास भवन स्थित गांधी सभागार में महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिलाधिकारी दिव्या मित्तल एवं मुख्य विकास अधिकारी राजेश कुमार सिंह भी उपस्थित रहे। बैठक के दौरान विभिन्न राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों एवं निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों के साथ मतदाता सूची से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई। राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों द्वारा मतदाता सूची में नाम जोड़ने, हटाने, संशोधन एवं स्थानांतरण से संबंधित समस्याओं को प्रमुखता से उठाया गया। प्रेक्षक सिद्धार्थ द्वारा सभी प्रतिनिधियों की समस्याओं को गंभीरतापूर्वक सुना गया तथा निर्वाचन आयोग द्वारा निर्धारित फॉर्म-6, फॉर्म-7 एवं फॉर्म-8 को सही ढंग से भरने की प्रक्रिया के संबंध में विस्तार से जानकारी दी गई। उन्होंने बताया कि निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार फॉर्म भरकर पात्र नागरिक आसानी से मतदाता सूची से जुड़ी कार्यवाही पूर्ण कर सकते हैं। जिलाधिकारी दिव्या मित्तल ने आश्वस्त किया कि प्राप्त सभी शिकायतों एवं सुझावों का नियमानुसार एवं समयबद्ध निस्तारण सुनिश्चित किया जाएगा। बैठक सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न हुई।




