Slide 1
Slide 1
विदेश

रीमा : भारतीय दूतावास के ‘नमस्ते पेरू’ मेले में उमड़ा जनसैलाब

लीमा। पेरू में भारतीय दूतावास द्वारा ‘नमस्ते पेरू’ नामक एक भव्य सांस्कृतिक और व्यापारिक मेला आयोजित किया गया। इस मेले में भारतीय मूल के नागरिकों के अलावा स्थानीय लोगों का एक बड़ा हुजूम उमड़ा। चेरेटी फेयर के तौर पर आयोजित यह कार्यक्रम पेरू में भारतीय संस्कृति को बढ़ावा देने और दोनों देशों के बीच संबंधों को मजबूत करने का एक महत्वपूर्ण प्रयास है। इस आयोजन में विभिन्न इवेंट्स शामिल रहे, जिनमें हजारों लोगों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। पेरू स्थित भारतीय दूतावास के अनुसार, इवेंट में 33,600 से अधिक लोग शामिल हुए। “मेरे सपनों का भारत”, भारतीय पर्यटन स्थलों और देशव्यापी स्कूली चित्रकला प्रतियोगिता से चुनी गई कलाकृतियों की 15-दिवसीय प्रदर्शनी लगाई गई। वहीं एक रक्षा प्रदर्शनी भी देखने को मिली, जिसमें आधुनिक भारतीय तकनीक का प्रदर्शन किया गया, जिसमें तेजस लड़ाकू विमान और उन्नत हेलीकॉप्टर शामिल थे। सामुदायिक सहयोग की बात करें तो आर्थिक योगदान के अलावा, उपस्थित लोगों को स्वयंसेवी अग्निशामकों के लिए प्राथमिक उपचार सामग्री और सफाई से जुड़े उत्पाद दान करने के लिए भी प्रोत्साहित किया गया।

पेरू स्थित भारतीय दूतावास ने एक ‘एक्स’ पोस्ट में लिखा, पेरू के मिराफ्लोरेस स्थित केनेडी पार्क में आयोजित “नमस्ते पेरू” चैरिटी मेले के दूसरे संस्करण में, पूरे दिन के दौरान 33,600 से अधिक लोग भारतीय दूतावास से जुड़े। रंग-बिरंगी परंपराओं से लेकर अविस्मरणीय स्वादों और अनुभवों तक, ‘नमस्ते पेरू’ ने दिलों को सचमुच एक खास अंदाज़ में जोड़ा। आयोजन सुबह से लेकर रात तक जारी रहा और इस दौरान राजधानी शहर लीमा के मिराफ्लोरेस स्थित ऐतिहासिक म्युनिसिपल पैलेस दोनों देशों के झंडों के रंगों से जगमगा उठा। इस तरह यह भारत और पेरू के बीच दोस्ती और भाईचारे का एक सशक्त प्रतीक बन गया। इस मौके पर भारत सरकार की एक महत्वाकांक्षी पहल ‘एक ज़िला एक उत्पाद’ (ओडीओपी) की प्रदर्शनी भी देखने को मिली, जिसमें भारत के विभिन्न राज्यों के खास उत्पाद दिखाए गए। बता दें कि दक्षिण अमेरिकी देश पेरू में भारतीय दूतावास इस तरह के कार्यक्रम पहले भी आयोजित करता रहा है। इस कार्यक्रम का उद्देश्य भारत और पेरू के बीच सांस्कृतिक संबंधों को मजबूत करने के साथ ही सामाजिक कार्यों में सहयोग देना भी है। इस वर्ष के मेले से प्राप्त समस्त आय पेरू के ‘जनरल कॉर्प्स ऑफ़ वॉलंटियर फायरफाइटर्स’ को दान की गई है।

(रिपोर्ट. शाश्वत तिवारी)

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button