गाजीपुर : पुस्तक ‘मलसा’ राय परिवार की विरासत’ लोकार्पण

सात पीढ़ियों के गौरव, संस्कार और सामाजिक योगदान को लेखिका डॉ. सरिता राय ने कविता, कहानी और संस्मरणों के माध्यम से किया संकलित
त्रिलोकी नाथ राय (गाजीपुर)। मलसा के राय परिवार की लगभग 225 वर्षों की गौरवशाली पारिवारिक यात्रा को समेटे पुस्तक ‘मलसा: राय परिवार की विरासत’ का रविवार, 29 नवंबर को भव्य समारोह में लोकार्पण किया गया। लेखिका डॉ. सरिता राय द्वारा संकलित इस पुस्तक में परिवार की सात पीढ़ियों के उल्लेखनीय योगदान, उपलब्धियों, सामाजिक प्रतिष्ठा और पारिवारिक संस्कारों को कविता, कहानी एवं संस्मरणों के माध्यम से जीवंत रूप में प्रस्तुत किया गया है। पुस्तक में ‘हमारी जड़ें: हमारी कहानी’ के तहत मलसा के छह घरों के पारस्परिक प्रेम, सहयोग और एकजुटता की यात्रा को भी विशेष स्थान दिया गया है। लोकार्पण समारोह में मुख्य अतिथि प्रो. विजय कुमार राय, प्राचार्य सहजानंद स्नातकोत्तर महाविद्यालय, प्रमुख वक्ता शिवपूजन इंटर कॉलेज मलसा के पूर्व शिक्षक श्री सच्चिदानंद दूबे तथा विशिष्ट वक्ता श्री अरविन्द सिंह रहे। समारोह में राय परिवार के बड़ी संख्या में सदस्य उपस्थित रहे। परिवार के सदस्यों ने बताया कि पुस्तक के संकलन का उद्देश्य भारतीय पारिवारिक परंपराओं, संस्कारों, सामाजिक योगदान और गौरवशाली इतिहास को भावी पीढ़ियों तक पहुंचाना है।
वक्ताओं ने पुस्तक के प्रकाशन को पारिवारिक और सांस्कृतिक दृष्टि से महत्वपूर्ण उपलब्धि बताते हुए कहा कि यह कृति नई पीढ़ी को अपनी जड़ों से जोड़ने का कार्य करेगी। पुस्तक की विशेषता यह है कि इसमें लगभग 225 वर्षों की पारिवारिक यात्रा को सात पीढ़ियों के क्रम में संजोया गया है। परिवार के विभिन्न सदस्यों के जीवन, व्यक्तित्व, उपलब्धियों और सामाजिक योगदान को स्थान देकर इसे महज वंशावली तक सीमित नहीं रखा गया, बल्कि एक जीवंत पारिवारिक इतिहास का स्वरूप प्रदान किया गया है। पुस्तक में परिवार के पितृपुरुष बाबू विसुनी राय से प्रारंभ होकर उनके सुपुत्र श्री शिवबहाल राय तथा उनके छह सुपुत्रों के माध्यम से विकसित मलसा के छह प्रतिष्ठित घरों की गौरवगाथा को क्रमबद्ध रूप से प्रस्तुत किया गया है। इन घरों की आगामी पीढ़ियों की उपलब्धियां, पारिवारिक संस्कार, सामाजिक प्रतिष्ठा और विशिष्ट योगदान पुस्तक की महत्वपूर्ण धरोहर हैं। वक्ताओं ने कहा कि परिवार केवल रक्त संबंधों का नाम नहीं, बल्कि संस्कारों, मूल्यों और एक-दूसरे के प्रति जिम्मेदारी का प्रतीक है। ऐसे पारिवारिक इतिहास का संकलन भावी पीढ़ियों के लिए प्रेरणादायी होगा और उन्हें अपने पूर्वजों के संघर्ष, त्याग तथा उपलब्धियों से परिचित कराएगा।समारोह में पारिवारिक विरासत के संरक्षण और नई पीढ़ी को अपनी सांस्कृतिक जड़ों से जोड़ने के संकल्प के साथ पुस्तक के प्रकाशन पर प्रसन्नता व्यक्त की गई।



