लखनऊ : राजनीति छोड़कर कुँवर दुर्गेश प्रताप सिंह करेंगे कृषि कार्य

सुदृढ़ कृषि और समृद्ध किसान ही है मेरे जीवन का संकल्प : कुंवर दुर्गेश प्रताप सिंह
अशोक कुमार मिश्र / लखनऊ। राजनीति छोड़कर कुंव दुर्गेश प्रताप सिंह अब कृषि कार्य में जुड़ेंगे। उनका कहना है कि सुदृढ़ कृषि और समृद्ध किसान ही मेरे जीवन का संकल्प है। श्री सिंह 11 अक्टूबर 1994 में भारत के पूर्व प्रधानमंत्री चन्द्रशेखर जी के सानिध्य में भारतीय दलीय राजनीति में पदार्पण करने के बाद 1995 में समाजवादी जनता पार्टी की युवा शाखा समाजवादी युवा जनता का जनपद गाजीपुर का जिलाध्यक्ष बने। 1997 में समाजवादी युवा जनता उत्तर प्रदेश का प्रदेश महासचिव, 1998 में समाजवादी युवा जनता उत्तर प्रदेश उपाध्यक्ष, सन 2000 में समाजवादी युवा जनता उत्तर प्रदेश का प्रदेश मुख्य महासचिव, 2002 से 2004 तक समाजवादी युवा जनता उत्तर प्रदेश का प्रदेश अध्यक्ष, 2004 से 2006 तक समाजवादी जनता पार्टी उत्तर प्रदेश का प्रदेश महासचिव बने। चन्द्रशेखर जी के आदेश व निर्देश पर 2006 में पूर्व मुख्यमंत्री व राष्ट्रीय अध्यक्ष समाजवादी पार्टी मुलायम सिंह यादव के समक्ष समाजवादी पार्टी की सदस्यता ग्रहण किया और प्रदेश कार्यकारिणी का सदस्य बने। 2009 समाजवादी पार्टी उत्तराखंड का प्रदेश उपाध्यक्ष करने के बाद 2011से 2014 तक समाजवादी पार्टी उत्तराखंड प्रदेश प्रमुख महासचिव रहे। 2015 से 2016 तक समाजवादी पार्टी का सदस्य राष्ट्रीय कार्यकारिणी, 2017 में अमित शाह जी से मुलाकात के पश्चात भारतीय जनता पार्टी की सदस्यता तत्कालीन राष्ट्रीय उपाध्यक्ष भाजपा भाजपा उत्तराखंड प्रदेश प्रभारी श्याम जाजू जी के द्वारा भाजपा की सदस्यता ग्रहण कराया गया और उत्तराखंड भाजपा राज्य कार्यकारणी का सदस्य रहे। लगभग 9 वर्षों तक भाजपा के सदस्य के रूप में रहते हुए 2026 में भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस उत्तर प्रदेश की सदस्यता प्रदेश अध्यक्ष अजय राय की उपस्थिति में ग्रहण किया।
श्री सिंह का कहना है कि आज देश लोकतांत्रिक व्यवस्थाओं और राजनीतिक शुचिता के एक ऐसे दौर से गुजर रहा है, जहाँ मूल्यों का निरंतर ह्रास हुआ है। राजनीति, जिसे कभी जनसेवा, राष्ट्रधर्म और लोक-कल्याण का माध्यम माना जाता था आज वह व्यक्तिगत और सामाजिक नैतिकता के संकट से जूझ रही है। ऐसी विषम परिस्थितियों और बदलते परिवेश में, जहाँ लोकतांत्रिक मूल्यों का कोई अर्थ नहीं रह गया और जनसरोकार पीछे छूट गए हों, मेरे लिए सक्रिय राजनीति की इस राह पर आगे बढ़ना संभव नहीं रह गया है।
अपने ३२ वर्षों के लंबे सफर को यहीं विराम देने का निर्णय करते हुए राजनीति को ‘भविष्य के गर्भ में ‘ रखते हुए कुंवर दुर्गेश प्रताप सिंह ने कहा कि सक्रिय राजनीति के सफर को विराम देने का अर्थ राष्ट्र-सेवा और लोक-कल्याण से पीछे हटना नहीं है। कभी कृषि प्रधान देश से गौरवान्वित होने वाले भारत के सामने जो गंभीर खाद्यान्न संकट और कृषि के लिए चुनौतियाँ दिखाई दे रही हैं, वे किसी भी दृष्टि से राष्ट्र के लिए शुभ संकेत नहीं हैं। भारत की आत्मा उसके गाँवों और खेतों में बसती है। इसलिए, मैंने यह दृढ़ संकल्प और पूरी प्रतिबद्धता के साथ निर्णय लिया है कि अपने जीवन का शेष समय मैं पूरी ईमानदारी, निष्ठा और तन्मयता के साथ भारत के खेत, खेती और खेतीहरों (किसानों) के उत्थान के लिए समर्पित करूँगा और भारतीय कृषि के सशक्तिकरण और उसके खोए हुए सम्मान की पुनर्स्थापना के लिए मैं निरंतर प्रयत्नशील रहते हुए एक सार्थक प्रयास की तरफ अपने सफर को आगे बढ़ाऊँगा।
कुँवर दुर्गेश प्रताप सिंह ने कहा कि आज भारत की अर्थव्यवस्था की रीढ़ कही जाने वाली भारतीय कृषि और भारत के किसान बहुत ही विषम परिस्थितियों से गुजर रहे हैं जो भविष्य में देश के खाद्यान्न से लेकर अर्थव्यवस्था के लिए शुभ संकेत नहीं है । भारत जो आज भी गाँव , खेत और खलिहानों में बसता और जीता है और भारत में छोटे और सीमांत किसान जिनके पास 2 हेक्टेयर से भी कम भूमि है कि संख्या बहुत ज्यादा है जो छोटी जोत , सिंचाई की कमी , भारी ऋण का बोझ , विपणन की अधूरी व्यवस्था और बाजार तक सीमित पहुंच तथा जलवायु परिवर्तन जैसी बुनियादी चुनौतियों से निरन्तर जूझते और संघर्ष करते रहते हैं । देश में कुल जोतों का लगभग 86 फीसदी हिस्सा इन्हीं किसानों का है लेकिन उनकी आय और उत्पादकता पर इन बुनियादी समस्याओं का गहरा असर इन्हीं छोटे जोत और सीमांत किसानों पर ही पड़ता है । कुँवर दुर्गेश प्रताप सिंह ने कहा कि आर्थिक सुरक्षा और सामाजिक सम्मान ही भारतीय खेती को वास्तव में आत्मनिर्भर और टिकाऊ बना सकता है । जब एक किसान को उसकी अपनी मेहनत का सही फल और सम्मान मिलता है तो कृषि केवल जीवनयापन का साधन न रह कर एक लाभदायक व्यवसाय बन जाती है । आज यदि गम्भीरता से भारतीय कृषकों जोकि भारत की आधी से ज्यादा आबादी है और कृषि पर ही निर्भर है को समय पर मुआवजा व जोखिम सुरक्षा , अनाज का बेहतर भंडारण , बिचौलियों की श्रृंखला को कम करके सीधे बड़े बाजारों , ई-मंडियों व किसान उत्पादक संगठनों से जोड़ा जाये और साथ ही भारतीय किसानों को जिनका अपनी मिट्टी से गहरा भावनात्मक जुड़ाव रहता है वही जुड़ाव उन्हें कठिन परिस्थितियों में भी खेती से जोड़े रखता है , को उतना ही समाज में पूरा सम्मान और प्रतिष्ठा मिले जितना अन्य पेशे और क्षेत्र में लोगों को मिलता है तो ऐसे में युवा पीढ़ी को किसानी से जोड़ा जा सकता है जिसकी आज देश को जरूरत है । कुँवर दुर्गेश प्रताप सिंह ने कहा कि यदि इन सभी पहलुओं के तालमेल और उसकी आवश्यकता को ठीक से समझ लिया जाए तो न केवल भारतीय कृषि सुदृढ़ होगी बल्कि हमारे अन्नदाता किसान समृद्ध होंगे और देश की खाद्य सुरक्षा तथा ग्रामीण अर्थव्यवस्था को नई ऊंचाइयां मिलेंगी , जहाँ से विकसित भारत का मार्ग भी प्रशस्त होगा ।



