बुलंदशहर : पूर्व विधायक के आवास में चोरी करने वाले दो आरोपी गिरफ्तार, चोरी का पर्स व नकदी बरामद

मोहित त्यागी /बुलंदशहर। स्याना नगर के चांदपुर रोड स्थित डिबाई की पूर्व विधायक अनीता लोधी के आवास में चोरी की घटना का पुलिस ने खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी किया गया पर्स, दो हजार रुपये नकद, आईडी कार्ड, अवैध तमंचा, एक जिंदा कारतूस और चाकू बरामद किया है। पुलिस के अनुसार, जनपद में अपराधों पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत स्याना कोतवाली पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर आरोमा होटल के पास से दोनों आरोपियों को गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान आदिल पुत्र शकील और नौशाद उर्फ कल्लू पुत्र मेहर इलाही निवासी मोती कॉलोनी, सिकंदर गेट, थाना कोतवाली नगर, जनपद हापुड़ के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक, आरोपियों ने 7 अक्टूबर को स्याना क्षेत्र के चांदपुर चुंगी स्थित एक मकान से पर्स चोरी किया था। इस संबंध में पीड़ित की तहरीर के आधार पर कोतवाली स्याना में मुकदमा अपराध संख्या 408/26 के तहत बीएनएस की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया था। पुलिस ने आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद मुकदमे में सुसंगत धाराओं की वृद्धि कर आगे की कानूनी कार्रवाई की है। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार करने वाली पुलिस टीम में कोतवाली प्रभारी निरीक्षक रामनारायण सिंह, उपनिरीक्षक मनीष यादव, उपनिरीक्षक दर्शन सिंह सहित हेड कांस्टेबल गौरव कुमार, हासिम अली, अमित कुमार तथा कांस्टेबल श्रवण कुमार, राजवीर सिंह, अमित कुमार, अर्पित चाहर, कृष्ण कुमार कौशिक और पंकज शामिल रहे।



