बुलंदशहर : पुलिस और बदमाश के बीच मुठभेड़, शातिर नौशाद घायल, कैश और तमंचा बरामद

मोहित त्यागी/ बुलंदशहर। कोतवाली खुर्जा नगर पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। वाहन चेकिंग के दौरान पुलिस की शातिर बदमाश से मुठभेड़ हो गई। दोनों तरफ से कई राउंड फायरिंग हुई, जिसमें पुलिस की गोली लगने से बदमाश घायल हो गया। घायल बदमाश की पहचान नौशाद पुत्र साबू निवासी बन्ना देवी, अलीगढ़ के रूप में हुई है। पुलिस ने घायल बदमाश को इलाज के लिए खुर्जा के सूरजमल जटिया अस्पताल में भर्ती कराया है। पुलिस ने घायल बदमाश के पास से 1 मोटर साइकिल, 1 तमंचा 315 बोर, 2 खोखा कारतूस, 1 जिंदा कारतूस, 12 हजार रुपए नकद और 1 मोबाइल बरामद किया है। बताया जा रहा है कि नौशाद पर करीब एक दर्जन मुकदमे दर्ज हैं और वह 2 सितंबर को खुर्जा कोतवाली क्षेत्र के प्रीत बिहार कॉलोनी में दिनदहाड़े हुई चोरी की घटना में वांछित चल रहा था। यह पूरी मुठभेड़ खुर्जा कोतवाली क्षेत्र के ककोड़ रोड पर भोगपुर के जंगल में हुई है। पुलिस आगे की कार्रवाई में जुटी है।




