गाजीपुर : भाजपा मंडल पदाधिकारी व कार्यसमिति का सत्यापन सम्पन्न

त्रिलोकी नाथ राय / गाजीपुर । भाजपा मंडल पदाधिकारी, मंडल कार्यसमिति एवं शक्ति केंद्र समिति के सत्यापन अभियान के क्रम में गुरुवार को महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष सरोज कुशवाहा ने जंगीपुर विधानसभा क्षेत्र के मरदह दक्षिणी मंडल में प्रवास कर मंडल पदाधिकारियों एवं कार्यसमिति का सत्यापन किया। इस अवसर पर मंडल पदाधिकारियों को संबोधित करते हुए प्रदेश अध्यक्ष सरोज कुशवाहा ने कहा कि शक्ति केंद्र संगठन की मजबूती का महत्वपूर्ण आधार हैं। बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत एवं सक्रिय बनाए रखने के लिए बूथ अध्यक्ष और बूथ समिति का शत-प्रतिशत सत्यापन आवश्यक है। उन्होंने सभी पदाधिकारियों से सत्यापन कार्य को पूरी गंभीरता, सजगता एवं संगठनात्मक भावना के साथ पूरा करने का आह्वान किया। प्रदेश अध्यक्ष सरोज कुशवाहा के मंडल में प्रथम आगमन पर जिला महामंत्री अवधेश राजभर एवं प्रमोद राय ने अंगवस्त्र एवं स्मृति चिह्न प्रदान कर उनका स्वागत एवं अभिनंदन किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता मंडल अध्यक्ष शिवमुनि चौहान ने की। संचालन विपिन राय ने किया, जबकि आभार ज्ञापन जिला महामंत्री अवधेश राजभर ने किया। कार्यक्रम में मंडल के सभी पदाधिकारी उपस्थित रहे । इसी क्रम में गाजीपुर सदर पश्चिमी मंडल का मंडल सत्यापन जिला कार्यालय पर जिला महामंत्री सुमित तिवारी ने सभी पदाधिकारियों की उपस्थिति में किया। इस दौरान पूर्व मंत्री सुरेश बिंद, जिला मीडिया प्रभारी शशिकान्त शर्मा, गोपाल राय सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।
वहीं जिला महामंत्री अवधेश राजभर ने सुहवल मंडल में मंडल पदाधिकारी एवं कार्यसमिति के सत्यापन की प्रक्रिया पूरी की। संगठन के विभिन्न स्तरों पर चलाए जा रहे इस सत्यापन अभियान के माध्यम से बूथ से लेकर मंडल स्तर तक संगठनात्मक संरचना को और अधिक सुदृढ़, सक्रिय एवं प्रभावी बनाने पर जोर दिया जा रहा है।




