गाजीपुर : श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर पुलिस लाइन में भक्ति और संस्कृति का दिखा अनोखा संगम


गाजीपुर। पुलिस लाइन परिसर में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का पर्व इस बार पारंपरिक भक्ति के साथ आधुनिक रंग में भी नजर आया। भगवान श्रीकृष्ण की भक्ति में डूबे पुलिस परिवार के बीच जब “गोरे-गोरे गाल, काला-काला तिल, उसी पर आया कन्हैया का दिल है” जैसे आधुनिक भजन की धुन गूंजी तो पूरा परिसर भक्तिमय माहौल के साथ उत्साह और उमंग से सराबोर हो उठा। पुलिसकर्मियों और उनके परिवार के सदस्यों ने भक्ति गीतों और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों का आनंद लिया। 04/05 सितंबर को पुलिस लाइन, गाजीपुर में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी महोत्सव श्रद्धा, हर्षोल्लास एवं धार्मिक उत्साह के साथ धूमधाम से मनाया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ। इसके बाद भगवान श्रीकृष्ण की लीलाओं पर आधारित सांस्कृतिक प्रस्तुतियों का सिलसिला शुरू हुआ।
कार्यक्रम में कलाकारों ने श्रीकृष्ण की बाल लीलाओं, राधा-कृष्ण की भक्ति और भगवान श्रीकृष्ण के जीवन प्रसंगों को गीत, संगीत और नृत्य के माध्यम से जीवंत कर दिया। आधुनिक भजनों के साथ पारंपरिक धार्मिक प्रस्तुतियों ने कार्यक्रम में चार चांद लगा दिए। मनमोहक प्रस्तुतियों ने वहां मौजूद लोगों को भावविभोर कर दिया और देर रात तक पुलिस लाइन परिसर भक्तिरस में डूबा रहा। इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक गाजीपुर एवं अन्य अतिथियों के साथ बड़ी संख्या में पुलिस अधिकारी, पुलिसकर्मी और उनके परिवार के सदस्य मौजूद रहे। सभी ने भगवान श्रीकृष्ण की पूजा-अर्चना एवं आराधना कर समाज में शांति, सौहार्द, सुख और समृद्धि की मंगलकामना की। जन्माष्टमी समारोह में पुलिस परिवार के बच्चों और महिलाओं की भागीदारी भी खास आकर्षण रही। धार्मिक आयोजन के साथ सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने पुलिसकर्मियों को अपने परिवार के साथ पर्व मनाने का अवसर दिया। इससे पुलिस लाइन का माहौल किसी बड़े पारिवारिक उत्सव जैसा नजर आया। कार्यक्रम में अपर पुलिस अधीक्षक नगर, अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण, क्षेत्राधिकारी, क्षेत्राधिकारी सैदपुर, क्षेत्राधिकारी ट्रैफिक, मुख्य अग्निशमन अधिकारी गाजीपुर सहित पुलिस विभाग के अधिकारी एवं पुलिस परिवार के सदस्य उपस्थित रहे। पूरे कार्यक्रम के दौरान श्रद्धा, अनुशासन और पारिवारिक सौहार्द का वातावरण बना रहा। भगवान श्रीकृष्ण के जयकारों और भक्ति गीतों से गूंजता पुलिस लाइन परिसर जन्माष्टमी की रात आध्यात्मिक उल्लास से भर उठा। आधुनिक भजन से लेकर कृष्ण की लीलाओं तक, दिखा बदलता भक्ति अंदाज पुलिस लाइन की जन्माष्टमी का सबसे खास पहलू यह रहा कि यहां परंपरा और आधुनिकता का खूबसूरत संगम देखने को मिला। एक ओर भगवान श्रीकृष्ण की पारंपरिक पूजा-अर्चना हुई तो दूसरी ओर आधुनिक भजनों और नृत्य प्रस्तुतियों ने नई पीढ़ी को भी भक्ति से जोड़े रखा। यही वजह रही कि पुलिस परिवार के छोटे बच्चों से लेकर बुजुर्गों तक हर कोई कार्यक्रम का आनंद लेता नजर आया।
संवाददाता विवेकानंद राय
गाज़ीपुर



