गाजीपुर : शहीद ग्राम शेरपुर में मेगा स्वास्थ्य शिविर से हजारों मरीज हुए लाभान्वित

डॉ एके राय / गाजीपुर। सत्यम फाउंडेशन मऊ की ओर से रविवार को स्व. डॉ. नाथ शरण राय की पुण्यतिथि पर शहीद संस्मरण इंटर कॉलेज, शेरपुर में मेगा स्वास्थ्य शिविर का आयोजन सम्पन्न हुआ। शिविर में विशेषज्ञ चिकित्सकों ने हजारों मरीजों की जांच कर उन्हें चिकित्सकीय परामर्श और आवश्यकतानुसार नि:शुल्क दवाएं भी उपलब्ध कराई गईं। कार्यक्रम में उपस्थित अतिथियों, चिकित्सकों तथा गणमान्य जनों का स्वागत शेरपुर के प्रधान प्रतिनिधि जयानंद राय ने किया। कार्यक्रम की शुरुआत में पूर्व प्रधानाचार्य सत्यदेव राय व उपस्थित अतिथियों ने स्व. डॉ. नाथ शरण राय के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। शिविर में नेत्र, अस्थि, फिजिशियन, सर्जरी, स्त्री एवं प्रसूति, दंत और त्वचा रोग विशेषज्ञों ने मरीजों की जांच की। ब्लड प्रेशर, शुगर, बीएमडी, यूरिक एसिड, हीमोग्लोबिन और सांस संबंधी जांच भी नि:शुल्क की गई। शंकरा नेत्रालय, वाराणसी की टीम ने मोतियाबिंद की जांच की, जिसमें चयनित 20 मरीजों को ऑपरेशन के लिए बस से वाराणसी भेजा गया। वहीं, ब्लड प्रेशर और शुगर अधिक पाए जाने वाले मरीजों को चिकित्सकीय निगरानी में रखा गया।इसी क्रम में शेरपुर ग्राम पंचायत के 200 स्कूली छात्रों को स्पोर्ट्स वियर भी वितरित किया गया। शिविर में ज्ञानेंद्र राय, संजय मास्टर, भांवरकोल प्रधान संघ के अध्यक्ष इंद्रासन राय, शेरपुर के सचिव सूर्यभानु राय, राकेश राय, ओमप्रकाश राय उर्फ मुन्ना और प्रधान यादव सहित काफी संख्या में गणमान्य जन मौजूद रहे।
चिकित्सा शिविर के आयोजक वरिष्ठ फिजिशियन डॉ. सत्यानंद राय ने आगत अतिथियों सहित समस्त उपस्थित लोगों के प्रति आभार व्यक्त किया।



