नोएडा : आया सावन झूम के महोत्सव में महिलाओं ने हरियाली का लिया संकल्प

नोएडा। सावन की रिमझिम फुहारों, तीज की उमंग और भारतीय संस्कृति के रंगों से सराबोर “आया सावन झूम के” सावन एवं तीज महोत्सव का भव्य आयोजन नोएडा में हर्षोल्लास के साथ संपन्न हुआ। कार्यक्रम में महिलाओं ने पारंपरिक परिधानों में सजकर सावन के गीतों पर झूमते हुए तीज की खुशियां साझा कीं। कार्यक्रम का शुभारंभ मुख्य अतिथि कुसुम राय, प्रीति चंद्रा, अर्चना त्यागी एवं शशि बाला ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इसके बाद महिलाओं ने सोलह श्रृंगार, मेहंदी, लोकगीत, नृत्य और सावन के पारंपरिक झूलों का आनंद लिया। विभिन्न सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और मनोरंजक खेलों के साथ सावन क्वीन प्रतियोगिता विशेष आकर्षण का केंद्र रही। प्रतिभागियों को विभिन्न श्रेणियों में सम्मानित भी किया गया । महिला भूमिहार समाज की अध्यक्ष डॉ. राजलक्ष्मी राय ने कहा कि सावन एवं तीज जैसे पर्व हमारी समृद्ध भारतीय संस्कृति और लोक परंपराओं की पहचान हैं। ऐसे आयोजनों के माध्यम से कजरी, सावन गीतों और तीज की परंपराओं को नई पीढ़ी तक पहुंचाने के साथ महिलाओं को आपसी स्नेह, सहयोग और सामाजिक एकजुटता के मंच से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि सांस्कृतिक आयोजनों के साथ पर्यावरण संरक्षण का संदेश देना भी समय की आवश्यकता है। इसी उद्देश्य से कार्यक्रम में धरती की खुशहाली है हरियाली के संदेश को आत्मसात करते हुए महिलाओं ने वृक्षारोपण का संकल्प लिया। उपस्थित महिलाओं ने हरियाली बढ़ाने और पर्यावरण संरक्षण में अपनी भूमिका निभाने का संकल्प लिया कार्यक्रम में स्मृति राय, मीनाक्षी शाही, उर्वशी राय, विजय लक्ष्मी राय, माधवी राय, ममता राय, सीमा राय, सरिता राय, शशि राय, पूजा ठाकुर, सोनी राय एवं संगीता शर्मा सहित करीब 100 महिलाएं शामिल हुईं । पूरे आयोजन में सावन की मस्ती, तीज की उमंग, लोक संस्कृति और महिला एकजुटता की खूबसूरत झलक देखने को मिली। अंत में संस्था की अध्यक्ष डॉ. राजलक्ष्मी राय ने कार्यक्रम को सफल बनाने में सहयोग देने वाले सभी अतिथियों, प्रतिभागियों एवं उपस्थित सदस्यों के प्रति आभार व्यक्त किया। आया सावन झूम के महोत्सव ने संस्कृति के संरक्षण के साथ पर्यावरण और हरियाली का संदेश देकर आयोजन को विशेष बना दिया।
