Slide 1
Slide 1
धर्म

गाजीपुर : दैवीय आपदा से गांव की रक्षा लिए की पूजा-अर्चना, निकली शोभायात्रा

त्रिलोकी नाथ राय /गाजीपुर। मुहम्मदाबाद तहसील अंतर्गत कनुवान गांव में सैकड़ों वर्षों से चली आ रही मां काली की वार्षिक सावनी पूजा सोमवार को हल्की बारिश के बीच विधि-विधान और श्रद्धाभाव के साथ संपन्न हुई। पूजा में गांव के सभी वर्गों के लोगों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। श्रद्धालुओं ने मां काली से गांव की सुख-शांति, समृद्धि और दैवीय आपदाओं से रक्षा की कामना की। ग्रामीणों की मान्यता है कि दैवीय आपदा, महामारी और अन्य विपत्तियों से गांव की रक्षा के लिए मां काली के साथ डीह बाबा एवं माता सायर की पूजा-अर्चना की जाती है। पूजा को लेकर सुबह से ही गांव में उत्साह और भक्तिमय माहौल रहा। सुबह से दोपहर तक मां काली मंदिर में श्रद्धालुओं की भीड़ लगी रही। मंदिर परिसर में मां काली को दूध का कराहा भी चढ़ाया गया।
कनुवान गांव में मां काली की पूजा की शुरुआत भी अपनी अनूठी परंपरा के साथ होती है। पूजा शुरू होने से पहले गांव में डुग्गी बजाकर ग्रामीणों को इसकी सूचना दी जाती है। डुग्गी बजते ही लोग पूजा की तैयारियों में जुट जाते हैं और इसी के साथ मां काली की वार्षिक पूजा का शुभारंभ होता है। यह परंपरा आज भी ग्रामीणों ने पूरी श्रद्धा के साथ संजोकर रखी है। सुबह से ही महिलाएं स्वच्छ वस्त्र धारण कर हाथों में कलश, छाक और गंगाजल लेकर मां काली मंदिर पहुंचीं। भक्ति गीतों के बीच महिलाओं ने माता का आह्वान किया। घरों में तड़के ही मां काली को पूड़ी और गुलवरा का भोग लगाकर पूजा-अर्चना की गई। इसके बाद देवी मंदिरों में विधि-विधान से धार चढ़ाई गई। सामूहिक पूजन के दौरान मां काली को नारियल, खप्पर और चुनरी अर्पित की गई। पंडितों ने मंत्रोच्चार के साथ हवन-पूजन कराया। पूजा के दौरान मां काली के पुजारी (पंथी) ने श्रद्धालुओं के साथ गाजे-बाजे के बीच मां काली की परिक्रमा की। इसके बाद पूरे परिसर में जुलूस निकाला गया। श्रद्धालु लगातार मां काली के जयकारे लगाते रहे, जिससे पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठा। आरती के बाद श्रद्धालुओं में प्रसाद वितरित किया गया। ग्रामीणों के अनुसार मां काली की पूजा का उद्देश्य ग्रामवासियों एवं क्षेत्रवासियों की सुरक्षा, सुख-शांति और समृद्धि के लिए देवी से प्रार्थना करना है। मान्यता है कि पूजा से गांव को बाहरी आपदा एवं बीमारियों के प्रकोप से रक्षा मिलती है और पशु-पक्षियों की भी सुरक्षा होती है।
शाम को कनुवान गांव के ब्राह्मणों को सामूहिक भोज कराने की वर्षों पुरानी परंपरा भी निभाई गई। ग्रामीणों ने बताया कि यह आयोजन केवल धार्मिक आस्था तक सीमित नहीं है, बल्कि गांव की एकता, सामाजिक समरसता और आपसी भाईचारे का भी प्रतीक है। बदलते समय के बावजूद ग्रामीण इस प्राचीन परंपरा को पूरी श्रद्धा और उत्साह के साथ आगे बढ़ा रहे हैं।

भोलेनाथ के दरबार में उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़


भांवरकोल। पवित्र श्रावण मास के चौथे एवं अंतिम सोमवार को पूरा क्षेत्र भगवान शिव की भक्ति में सराबोर नजर आया। ब्रह्ममुहूर्त से ही विभिन्न शिवालयों में श्रद्धालुओं की लंबी कतारें लग गईं। गंगा स्नान के बाद श्रद्धालुओं ने गंगाजल, कच्चा दूध, बेलपत्र, धतूरा, भांग, काले तिल, पुष्प एवं मिष्ठान अर्पित कर भगवान भोलेनाथ का विधि-विधान से जलाभिषेक किया। मंदिर परिसर दिनभर हर-हर महादेव, बोल बम और ॐ नमः शिवाय के जयघोष से गूंजते रहे।
क्षेत्र के बाबा भदेश्वरनाथ शिव मंदिर (भदौरा), बाबा नर्मदेश्वर महादेव मंदिर (महेशपुर द्वितीय), श्री झारखंडी महादेव मंदिर (भेलूपुर उर्फ पंडितपुरा), कुंडेश्वर महादेव मंदिर सहित शेरपुर, वीरपुर, सुखडेहरा, सोनाड़ी, रेवसरड़ा, अमरूपुर और कनुवान के शिवालयों में श्रद्धालुओं का दिनभर तांता लगा रहा। महिलाओं, युवाओं, बुजुर्गों एवं बच्चों ने परिवार की सुख-समृद्धि और मंगलकामना के लिए श्रद्धापूर्वक पूजा-अर्चना की। संध्या होते ही अनेक मंदिरों में हरिकीर्तन, भजन-संध्या एवं श्रीरामचरितमानस के अखंड पाठ का शुभारंभ हुआ। इससे पूरा क्षेत्र भक्तिमय वातावरण में डूब गया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button