वाराणसी : मां गंगा के रौद्र रूप शांति के लिए की प्रार्थना

वाराणसी । मां गंगा के बाढ़ का पानी सड़कों, खेतों और गांवों में फैलने की स्थिति को देखते हुए शनिवार को नमामि गंगे ने सिंधिया घाट पर आरती उतार कर दुग्धाभिषेक किया। मां से जल घटने के लिए प्रार्थना की। गंगा सेवक नमामि गंगे काशी क्षेत्र के संयोजक व नगर निगम के स्वच्छता ब्रांड एंबेसडर राजेश शुक्ला के नेतृत्व में महर्षि वेद विज्ञान विश्व विद्यापीठम के वेदपाठी बटुकों ने उपस्थित नागरिकों के साथ गंगा से अब और नहीं बढ़ने की गुहार लगाई। खतरे के निशान बहुत करीब बह रहीं गंगा से लोगों ने गंगाष्टकम का पाठ कर थमने का आग्रह किया। नमामि गंगे के स्वयंसेवकों ने द्वादश ज्योतिर्लिंग का पाठ कर महादेव से भी मां गंगा के जलस्तर को घटाने की प्रार्थना की। प्रार्थना में नमामि गंगे के सदस्यों सहित सिंधिया घाट पर कई लोग उपस्थित रहे। सभी लोगों ने हाथ जोड़कर मां गंगा से घटने की गुहार लगाई । नमामि गंगे काशी क्षेत्र के संयोजक राजेश शुक्ला ने कहा कि गंगा के बढ़ते जलस्तर को देखते हुए हमने आरती उतारकर गंगा से घटने की प्रार्थना की है। प्रकृति के संरक्षक देवाधिदेव महादेव से भी गुहार लगाई है। मां गंगा से हमारी यही प्रार्थना है कि उनका जलस्तर और न बढ़े , जिससे बाढ़ का संकट टले और तटवर्ती इलाकों के लोग सुरक्षित रहें। जनजीवन सामान्य रहे और किसी प्रकार की हानि न हो। जन जीवन की खुशहाली के लिए मां गंगा से आशीर्वाद मांगा है। वहीं, इस आयोजन में प्रमुख रूप से नमामि गंगे काशी क्षेत्र के संयोजक व नगर निगम के स्वच्छता ब्रांड एंबेसडर राजेश शुक्ला, रिया श्रीवास्तव, सारिका श्रीवास्तव, आशुतोष मिश्रा, प्रियांशु शुक्ला समेत अन्य लोग शामिल रहे।



