Slide 1
Slide 1
देवरिया

देवरिया : भारत माता की जय और वंदे मातरम् के जयघोष से गूंजा शहर, निकली भव्य तिरंगा यात्रा

असगर अली, ब्यूरो चीफ/देवरिया ।  नगर में जनप्रतिनिधियों एवं विभागीय अधिकारियों की सहभागिता में हर घर तिरंगा अभियान 2026 के तहत भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई। इसमें करीब 5,000 से अधिक छात्र-छात्राओं, प्रबुद्धजनों, विभिन्न विभागों के अधिकारियों-कर्मचारियों एवं अन्य लोगों ने प्रतिभाग किया। यात्रा राजकीय इंटर कॉलेज से हरि झंडी दिखाकर रवाना की गई, जो विभिन्न रूटों से होते हुए स्टेडियम पर समाप्त हुई। यात्रा का शुभारंभ सदर विधायक शलभ मणि त्रिपाठी, रामपुर कारखाना विधायक सुरेंद्र चौरसिया, भाटपाररानी के विधायक सभाकुवर, एमएलसी रतनपाल सिंह, नगर पालिका अध्यक्ष अलका सिंह, भाजपा जिलाध्यक्ष काली प्रसाद, जिला उपाध्यक्ष राजेश कुमार मिश्र, अजय कुमार दूबे सहित अन्य जनप्रतिनिधियों ने हरी झंडी दिखाकर किया। तिरंगा यात्रा में शामिल छात्र-छात्राओं, आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों एवं प्रबुद्धजनों ने भारत माता की जय और वंदे मातरम् के जयघोष लगाए। इन नारों से पूरा शहर गूंज उठा और लोगों में राष्ट्रप्रेम एवं राष्ट्रीय भावना का संचार हुआ। जनप्रतिनिधियों ने कहा कि तिरंगा हमारा राष्ट्रीय सम्मान और स्वाभिमान है। इसका सम्मान करना हम सभी का नैतिक कर्तव्य है। तिरंगा यात्रा जन-जन में राष्ट्र के प्रति प्रेम, एकता, भाईचारे और सौहार्द की भावना को मजबूत करने के साथ ही राष्ट्रीय चेतना को जागृत करने का कार्य करेगी। यात्रा में राजकीय इंटर कॉलेज, कस्तूरबा गांधी बालिका विद्यालय, महाराजा अग्रसेन इंटर कॉलेज सहित अन्य स्कूलों के छात्र छात्राएं, आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों एवं सहायिकाओं सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी और विद्यालयों के छात्र-छात्राओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया।    
मुख्य विकास अधिकारी राजेश कुमार सिंह, जिला विकास अधिकारी, परियोजना निदेशक, डीसी मनरेगा, जिला पंचायत राज अधिकारी, जिला विद्यालय निरीक्षक, बीएसए, पीडी सहित अन्य अधिकारियों ने भी यात्रा में सहभागिता की।
तिरंगा यात्रा में करीब 100 फीट लंबा तिरंगा भी आकर्षण का केंद्र रहा, जिसे छात्र-छात्राएं अपने साथ लेकर चल रहे थे। इसके अलावा विद्यार्थियों द्वारा राष्ट्रप्रेम एवं देशभक्ति से जुड़े विभिन्न संदेशों और स्लोगन प्रदर्शित किए गए, जो यात्रा के दौरान लोगों के आकर्षण का प्रमुख केंद्र रहे।
तिरंगा यात्रा नगर के विभिन्न मार्गों से होते हुए स्टेडियम पहुंची, जहां भव्य रूप से इसका समापन हुआ।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button