अगस्त क्रांति की गूंज से गाजीपुर हुआ राष्ट्रभक्ति से सराबोर, तिरंगे संग उमड़ा जनसैलाब

लंका मैदान से सरजू पांडेय पार्क तक बनी विशाल मानव श्रृंखला, शहीद महेश कुशवाहा की पत्नी निर्मला कुशवाहा सम्मानित
त्रिलोकी नाथ राय / गाजीपुर। अगस्त क्रांति की स्मृति में गुरुवार को लंका मैदान से सरजू पांडेय पार्क तक निकली विशाल तिरंगा यात्रा में देशभक्ति का सैलाब उमड़ पड़ा। हजारों पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं और नागरिकों ने हाथों में तिरंगा लेकर मानव श्रृंखला बनाई और स्वतंत्रता संग्राम के वीर शहीदों को नमन किया। भारत माता की जय और वंदे मातरम् के जयघोष से पूरा वातावरण राष्ट्रभक्ति से गूंज उठा।कार्यक्रम में मुख्य अतिथि प्रदेश सरकार के प्रभारी मंत्री रवींद्र जायसवाल रहे। उनके साथ प्रदेश उपाध्यक्ष श्रीकृष्ण बिहारी राय, जिलाध्यक्ष ओमप्रकाश राय, प्रदेश अध्यक्ष महिला मोर्चा सरोज कुशवाहा, पूर्व जिलाध्यक्ष बृजेन्द्र राय, भानू प्रताप सिंह, सुनील सिंह, जिला पंचायत अध्यक्ष सपना सिंह, मूराहु राजभर, प्रवीण सिंह, दयाशंकर पांडेय, राजेश राजभर, राजेश सोनकर, राजेश चौहान, शिव प्रसाद गुप्ता, जिला महामंत्री अवधेश राजभर, विष्णु प्रताप सिंह, सुमित तिवारी, बालकृष्ण द्विवेदी, विश्व प्रकाश अकेला, शैलेश राम, साधना राय, श्यामराज तिवारी, अखिलेश राय, अखिलेश सिंह, शशिकांत शर्मा, प्रमोद राय, गर्वजीत सिंह और सन्नी चौरसिया सहित बड़ी संख्या में पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।
शहीद की पत्नी को अंगवस्त्र देकर किया सम्मानित
कार्यक्रम के दौरान शहीद महेश कुशवाहा की पत्नी निर्मला कुशवाहा को अंगवस्त्र देकर सम्मानित किया गया। उपस्थित लोगों ने शहीद महेश कुशवाहा के बलिदान को नमन करते हुए उनके परिवार के प्रति सम्मान और कृतज्ञता व्यक्त की। सम्मान के इस अवसर ने कार्यक्रम को भावुक और गौरवपूर्ण बना दिया। प्रदेश उपाध्यक्ष श्रीकृष्ण बिहारी राय ने स्वतंत्रता संग्राम के शहीदों को नमन करते हुए कहा कि देश की आजादी के लिए असंख्य वीरों ने अपना सर्वस्व न्योछावर किया। उनके त्याग और बलिदान को याद रखना और आने वाली पीढ़ी को उनके संघर्ष से परिचित कराना हम सभी का दायित्व है। प्रभारी मंत्री रवींद्र जायसवाल ने कहा कि देश की एकता और अखंडता सर्वोपरि है। उन्होंने कहा, “हम हिंदू, मुस्लिम, सिख, ईसाई नहीं हैं, हम भारतीय हैं।” उन्होंने राष्ट्रहित में सभी से एकजुट होकर कार्य करने का आह्वान किया। तिरंगा यात्रा के दौरान विशाल मानव श्रृंखला बनाई गई। तिरंगे के साथ शामिल लोगों ने स्वतंत्रता सेनानियों और शहीदों के बलिदान को याद करते हुए देश की एकता, अखंडता और संप्रभुता को मजबूत करने का संकल्प लिया। कार्यक्रम के अंत में जिलाध्यक्ष ओमप्रकाश राय ने तिरंगा यात्रा में शामिल सभी पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं एवं विशाल जनसमूह के प्रति आभार व्यक्त किया। इसके बाद राष्ट्रगान के साथ कार्यक्रम का विधिवत समापन किया गया।



