देवरिया : पुलिस अधीक्षक के प्रयास से मिला पहला इंटरसेप्टर वाहन

असगर अली, ब्यूरो चीफ/देवरिया । जनपद में सड़क सुरक्षा को मजबूत करने के लिए पुलिस को मंगलवार को दिन में 12 बजे पहला अत्याधुनिक इंटरसेप्टर वाहन उपलब्ध कराया गया है। इस हाईटेक वाहन के माध्यम से अब ओवरस्पीडिंग, शराब पीकर वाहन चलाने और अन्य यातायात नियमों के उल्लंघन पर अधिक प्रभावी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस अधीक्षक अभिजित आर. शंकर के प्रयासों से प्राप्त इस इंटरसेप्टर वाहन में आधुनिक स्पीड राडार गन, हाई-रिजॉल्यूशन कैमरे, ब्रेथ एनालाइजर, लाउडस्पीकर और एलईडी डिस्प्ले बोर्ड लगाए गए हैं। स्पीड राडार और कैमरों की मदद से तेज रफ्तार वाहनों की सटीक पहचान कर कार्रवाई की जाएगी, जबकि ब्रेथ एनालाइजर से शराब पीकर वाहन चलाने वाले चालकों की जांच होगी। यह वाहन सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों के प्रति आम लोगों को जागरूक करने में भी सहायक होगा। इसमें लगे लाउडस्पीकर और एलईडी डिस्प्ले के माध्यम से जागरूकता संदेश प्रसारित किए जाएंगे।पुलिस अधीक्षक अभिजित आर. शंकर ने बताया कि सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाना और नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करना पुलिस की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि इस इंटरसेप्टर वाहन के संचालन से यातायात व्यवस्था तकनीकी रूप से और अधिक मजबूत होगी, जिससे नियमों का प्रभावी अनुपालन सुनिश्चित किया जा सकेगा।
उन्होंने वाहन चालकों से निर्धारित गति सीमा का पालन करने, दोपहिया वाहन पर हेलमेट और चारपहिया वाहन में सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से उपयोग करने की अपील की। साथ ही, शराब पीकर वाहन न चलाने और ड्राइविंग के दौरान मोबाइल फोन का इस्तेमाल न करने का आग्रह किया। पुलिस का मानना है कि यातायात नियमों का सख्ती से पालन करके ही सड़क हादसों पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सकता है।



