लखनऊ : पीड़िता के इश्क में दिवाना हुआ दरोगा,बनारस तक कराया डेट

पीड़िता का आरोप शादी का झांसा दे किया शारीरिक शोषण
लखनऊ । थाना आशियाना में तैनात दरोगा धर्मवीर शाही पर एक युवती ने गंभीर आरोप लगाया हैं। युवती का कहना है कि दरोगा ने उसके मामले की विवेचना के दौरान उससे नजदीकियां बढ़ाईं और शादी का वादा किया फिर बाद में मुकर गए। पीड़िता के अनुसार, वह मूल रूप से मानक नगर क्षेत्र की रहने वाली है। उसने अपने प्रेमी अभिषेक सिंह के खिलाफ शादी का झांसा देकर यौन शोषण का मुकदमा दर्ज कराया था। इस मामले की विवेचना दरोगा धर्मवीर शाही कर रहे थे। युवती का आरोप है कि विवेचना के दौरान दरोगा ने पहले फोन पर जानकारी लेने के बहाने बातचीत शुरू की। बाद में अश्लील बातें करने लगे और धीरे-धीरे दोनों के बीच शारीरिक संबंध बन गए। दरोगा ने उसे जीवनभर साथ रखने और शादी करने का भरोसा भी दिया। करीब डेढ़ माह पहले दरोगा उसे वाराणसी घुमाने ले गए। जहां उनकी पत्नी से आमना-सामना हो गया। इसके बाद दोनों के बीच विवाद शुरू हो गया। युवती का आरोप है कि 30 जुलाई को वह अपनी मां के साथ इलाज कराने अपोलो अस्पताल गई थी। वहीं से उसे थाने बुलाकर मारपीट की गई। गाली -गलौज की गई और उसका मोबाइल छीनकर सबूत मिटाने की धमकी दी गई। सूत्रों के मुताबिक दरोगा धर्मवीर शाही अक्सर पीड़िता के घर भी आते-जाते थे। मामले की शिकायत मिलने के बाद पुलिस अधिकारियों ने जांच एसीपी कैंट को सौंप दी है। जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।



