Slide 1
Slide 1
उत्तर प्रदेश

लखनऊ : 27वें कारगिल विजय दिवस पर शहीदों को भावभीनी श्रद्धांजलि, मंत्री ए.के. शर्मा ने वीर परिवारों को किया नमन

डिप्टी सीएम बृजेश पाठक बोले - शहीद परिवारों का सम्मान और उनकी समस्याओं का समाधान हम सबका है दायित्व

लखनऊ । 27वें कारगिल विजय दिवस के अवसर पर कारगिल शहीद स्मृति वाटिका में आयोजित श्रद्धांजलि कार्यक्रम में नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री  ए.के. शर्मा ने प्रदेश के उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक के साथ सहभागिता करते हुए कारगिल युद्ध में मातृभूमि की रक्षा के लिए अपने प्राणों का सर्वोच्च बलिदान देने वाले अमर शहीदों को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। कार्यक्रम में शहीदों के परिजनों का सम्मान भी किया गया। इस अवसर पर अपने संबोधन में मंत्री ए.के. शर्मा ने कहा कि कारगिल विजय दिवस देश के वीर सपूतों के अदम्य साहस, शौर्य और राष्ट्रभक्ति का प्रतीक है। उन्होंने कारगिल के सभी अमर शहीदों को नमन करते हुए उनके परिवारजनों तथा पूर्व सैनिकों के प्रति अपनी कृतज्ञता व्यक्त की। मंत्री श्री शर्मा ने कहा कि कारगिल जैसी लड़ाइयाँ केवल सीमाओं पर ही नहीं लड़ी जातीं, बल्कि आज देश के भीतर भी अनेक प्रकार की चुनौतियाँ मौजूद हैं। उन्होंने कहा कि आतंकवादियों, छद्मवेश में छिपे राष्ट्रविरोधी तत्वों तथा समाज में भ्रम फैलाने वाली शक्तियों से सभी नागरिकों को सजग रहने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया के इस दौर में भ्रामक और झूठी सूचनाएँ बहुत तेजी से फैलती हैं, इसलिए प्रत्येक नागरिक का दायित्व है कि किसी भी सूचना पर विश्वास करने से पहले उसकी सत्यता अवश्य परखे तथा देश की एकता और अखंडता के विरुद्ध किसी भी दुष्प्रचार का हिस्सा न बने। मंच से ही अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि सैनिकों एवं शहीद परिवारों से जुड़ी शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर तत्काल निस्तारण सुनिश्चित किया जाए, ताकि राष्ट्र के लिए अपना सर्वस्व समर्पित करने वाले परिवारों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।

उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक ने भी कारगिल के वीर शहीदों को श्रद्धासुमन अर्पित करते हुए पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न स्वर्गीय अटल बिहारी वाजपेयी को स्मरण किया। उन्होंने कहा कि कारगिल युद्ध के दौरान वाजपेयी स्वयं सीमा क्षेत्र में पहुँचकर सैनिकों का मनोबल बढ़ाने गए थे। उन्होंने कहा कि लखनऊ के सभी सैनिक परिवारों को चिन्हित कर उनका सम्मान किया जाए तथा उनकी समस्याओं का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित करना हम सभी का दायित्व है।कार्यक्रम के दौरान अमर शहीदों के परिवारजनों को सम्मानित किया गया। इस अवसर पर महापौर सुषमा खर्कवाल, विधायक नीरज बोरा, रामचंद्र प्रधान, पवन सिंह चौहान, संतोष सिंह, नगर आयुक्त गौरव कुमार, शहीदों के परिजन, पूर्व सैनिक, बड़ी संख्या में सैनिक तथा स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button