मिर्जापुर : 488 बोतल अवैध अंग्रेजी शराब के साथ तीन तस्कर गिरफ्तार
नंबर प्लेट बदलकर बिहार में करते थे तस्करी

तारा त्रिपाठी/मीरजापुर। अहरौरा थाना पुलिस ने शराब तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 488 बोतल अवैध अंग्रेजी शराब के साथ तीन शातिर तस्करों को गिरफ्तार किया है। आरोपित विभिन्न अंग्रेजी शराब की दुकानों से शराब खरीदकर उसे बिहार में अधिक कीमत पर बेचते थे। पुलिस ने तस्करी में प्रयुक्त दो चार पहिया वाहनों को भी सीज कर दिया है। पुलिस के अनुसार, 18 जुलाई को मुखबिर की सूचना पर वनस्थली महाविधालय, ग्राम मानिकपुर के पास सधन वाहन चेकिंग के दौरान एक टाटा सफारी (JH05AE6786) और एक स्कोडा कार (BR06D Q9078) को रोका गया। तलाशी लेने पर दोनों वाहनों में छिपाकर बिहार ले जाई जा रही कुल 488 बोतल विभिन्न ब्रांड की अवैध शराब बरामद हुई।गिरफ्तार आरोपितों की पहचान सूर्य प्रताप शुक्ला निवासी गढ़वा (झारखंड), अनिल यादव निवासी अदलहाट, मीरजापुर तथा सत्यम कुमार निवासी गढ़वा (झारखंड) के रूप में हुई है।आरोपितों ने बताया कि वे मीरजापुर की विभिन शराब दुकानों से अंग्रेजी शराब खरीदकर बिहार में ऊंचे दामों पर बेचते थे। अनिल यादव जिगना स्थित एक कंप्पोजिट वाइन शॉप पर सेल्समैन है और शराब की खरीद में उनकी मदद करता था। पुलिस से बचने के लिए तस्करी के दौरान वाहनों पर फर्जी नंबर प्लेट लगा दी जाती थी। पुलिस ने आरोपितों के विरुद्ध थाना अहरोरा में धारा 60/63 उत्तर प्रदेश आबकारी अधिनियम तथा भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की संबधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उन्हें न्यायालय भेज दिया। तस्करी में प्रयुक्त दोनों वाहनों को धारा 207 मोटर वाहन अधिनियम के तहत सीज कर दिया गया।



