Slide 1
Slide 1
कारोबार

सावन में रेलवे का शिवभक्त यात्रियों को तोहफा

मिलेगी शुद्ध सात्विक भोजन और व्रत थाली

प्रयागराज। सावन महीने में देश के करोड़ों शिवभक्तों और कांवरियों के लिए भारतीय रेलवे बड़ा उपहार देगा।इंडियन रेलवे कैटरिंग एंड टूरिज्म कॉरपोरेशन (आरआरसीटीसी) ने फैसला किया है कि पूरे सावन के महीने में यात्रियों की मांग पर ट्रेनों और स्टेशनों पर बिना लहसुन-प्याज का पूरी तरह शुद्ध सात्विक भोजन और व्रत की विशेष थाली परोसी जाएगी। यह सुविधा 30 जुलाई से देश के किसी एक कोने के लिए नहीं,बल्कि राष्ट्रीय स्तर पर लागू की जा रही है।सावन महीने में देश के कोने-कोने से श्रद्धालु 12 ज्योतिर्लिंगों के दर्शन के लिए निकलते हैं।चाहे आप गुजरात के सोमनाथ (वेरावल) जा रहे हों,आंध्र प्रदेश के मल्लिकार्जुन (श्रीशैलम), या मध्य प्रदेश के महाकालेश्वर और ओंकारेश्वर के दर्शन की राह पर हों। उत्तर भारत में उत्तराखंड के केदारनाथ,महाराष्ट्र के भीमाशंकर, त्र्यंबकेश्वर और घृष्णेश्वर जाने वाले भक्तों के लिए भी रेलवे की यह सेवा उपलब्ध रहेगी। झारखंड के वैद्यनाथ धाम (देवघर), काशी विश्वनाथ (वाराणसी) और दक्षिण के पावन रामेश्वरम (तमिलनाडु) की यात्रा करने वाले करोड़ों कांवरियों को सीधे उनकी सीट पर ही बिना लहसुन-प्याज का पवित्र भोजन मिल सकेगा।

आईआरसीटीसी के मुख्य क्षेत्रीय प्रबंधक अजीत कुमार सिन्हा ने बताया कि सावन के दौरान पवित्रता का विशेष ध्यान रखा जाता है। श्रद्धालु लहसुन और प्याज का त्याग कर देते हैं। इसी आस्था का सम्मान करते हुए रेलवे स्टेशनों पर स्थित फूड प्लाजा और ट्रेनों की पेंट्री कार में विशेष तौर पर बिना लहसुन-प्याज के भोजन की व्यवस्था की गई है। अजीत कुमार सिन्हा ने बताया कि इसके अलावा जो श्रद्धालु सावन में सोमवार का व्रत रखते हैं या पूरे महीने उपवास पर रहते हैं,उनके लिए विशेष व्रत थाली का इंतजाम भी होगा। इस थाली में साबूदाना की खिचड़ी,सेंधा नमक से बनी चीजें, कुट्टू के आटे की पूरियां, दही और ताजे फल शामिल होंगे। अजीत कुमार सिन्हा ने बताया कि संगम नगरी में संगम से पवित्र जल भरकर बड़ी संख्या में शिवभक्त काशी विश्वनाथ, महाकाल उज्जैन, झारखंड के बाबा बैद्यनाथ धाम के साथ ही स्थानीय स्तर पर बेलखरनाथ धाम (प्रतापगढ़), पांडेश्वर नाथ धाम और मनकामेश्वर धाम के लिए प्रस्थान करते हैं। प्रयागराज, कानपुर, गया,भागलपुर और वाराणसी जैसे प्रमुख रेलवे स्टेशनों पर, जहां से कांवरियों की भारी आवाजाही होती है,वहां खान-पान के विशेष सात्विक स्टॉल लगाए जा रहे हैं। अजीत कुमार सिन्हा ने बताया कि यात्रियों को यह सात्विक भोजन पाने के लिए बस एक छोटा सा काम करना होगा। वे यात्रा के दौरान आइआरसीटीसी की ई-कैटरिंग सेवा या मोबाइल एप के जरिए ऑनलाइन ऑर्डर बुक कर सकते हैं। जिसके बाद शुद्धता और स्वच्छता के साथ तैयार किया गया यह भोजन सीधे उनकी सीट पर डिलीवर कर दिया जाएगा। सिन्हा ने बताया कि सावन में भीड़ को देखते हुए रेलवे ने कई विशेष ट्रेनें चलाने का भी फैसला किया है,जिनकी समय सारिणी इसी महीने जारी हो जाएगी। रेलवे के इस कदम से देश भर के शिवभक्तों में भारी उत्साह है, क्योंकि अब उनकी भक्ति और आस्था का सफर बेहद सुगम और पवित्र होने जा रहा है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button