बुलंदशहर : कपड़ा व्यापारी ने दुकान में खुद को मारी गोली, मौत

बुलंदशहर/अनूपशहर, संवाददाता। अनूपशहर कस्बे में मंगलवार को एक रेडीमेड कपड़ा व्यापारी ने अपनी दुकान के अंदर तमंचे से गोली मारकर आत्महत्या कर ली। शुरुआती जांच में व्यापार में लगातार हो रहे घाटे को आत्महत्या की वजह माना जा रहा है। घटना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया। जानकारी के अनुसार, अनूपशहर निवासी नदीम मलिक पुत्र हसमुद्दीन की कस्बे में रेडीमेड कपड़ों की दुकान है। मंगलवार को नदीम ने दुकान का शटर गिराकर अंदर से कुंडी लगा ली और तमंचे से खुद को गोली मार ली। गोली की आवाज सुनकर आसपास के दुकानदार मौके पर पहुंचे। शटर तोड़कर अंदर जाने पर नदीम लहूलुहान हालत में पड़ा मिला। सूचना पर अनूपशहर पुलिस और फॉरेंसिक टीम तत्काल मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल से तमंचा बरामद कर लिया है। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है।कोतवाली प्रभारी ने बताया कि परिजनों और आसपास के लोगों से पूछताछ में सामने आया है कि नदीम पिछले कुछ समय से व्यापार में घाटे के चलते मानसिक तनाव में था। हालांकि पुलिस सभी पहलुओं से जांच कर रही है। आत्महत्या के सही कारणों का पता पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट और जांच के बाद ही चल सकेगा। घटना के बाद मृतक के घर में चीख-पुकार मच गई। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पुलिस ने परिजनों की तहरीर पर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। फॉरेंसिक टीम ने मौके से साक्ष्य जुटाए हैं।
– मोहित त्यागी




