यूपी एटीएस ने की बड़ी कार्रवाई, बुलंदशहर से दो संदिग्ध आरोपी गिरफ्तार
पाकिस्तानी आतंकवादी शहजाद भट्टी और आबिद जट से जुड़े थे तार

बुलंदशहर । उत्तर प्रदेश आतंकवाद निरोधक दस्ते (UP ATS) को देश विरोधी गतिविधियों के खिलाफ एक और बड़ी कामयाबी हाथ लगी है। एटीएस की टीम ने बुलंदशहर से दो संदिग्ध आरोपियों को गिरफ्तार किया है। सुरक्षा एजेंसियों की इस त्वरित कार्रवाई से इलाके में हड़कंप मच गया है। मिली जानकारी के मुताबिक, एटीएस को पिछले काफी समय से इन संदिग्धों की गतिविधियों के बारे में खुफिया इनपुट मिल रहे थे। पुख्ता जानकारी और सर्विलांस के आधार पर एटीएस की टीम ने बुलंदशहर में छापेमारी कर दोनों को दबोच लिया। पकड़े गए संदिग्धों की पहचान मोहम्मद उमर पुत्र जुल्फिकार, निवासी- ग्राम अकबरपुर, कोतवाली देहात (बुलंदशहर) और फैजान पुत्र शनीमुद्दीन निवासी उपरोक्त में रूप में हुई है। शुरुआती जांच और इनपुट के अनुसार, ये दोनों आरोपी बुलंदशहर में पहचान छुपाकर ‘स्लीपर सेल’ के रूप में रह रहे थे। सबसे चौंकाने वाला खुलासा यह हुआ है कि ये दोनों सीधे तौर पर पाकिस्तानी आतंकवादी शहजाद भट्टी और हैंडलर्स आबिद जट के संपर्क में थे। वे किसी बड़ी देश विरोधी साजिश को अंजाम देने या स्थानीय स्तर पर नेटवर्क मजबूत करने की फिराक में थे। इस हाई-प्रोफाइल गिरफ्तारी की पुष्टि कानून-व्यवस्था और एटीएस के आला अधिकारी (एडीजी) अमिताभ यश ने की है। एटीएस की टीम दोनों आरोपियों को अपने साथ लखनऊ या संबंधित मुख्यालय ले गई है। जहां उनसे आगे की पूछताछ की जा रही है।
आगे की जांच जारी
सुरक्षा एजेंसियां अब यह पता लगाने में जुटी हैं कि इन दोनों संदिग्धों को पाकिस्तान से क्या निर्देश मिल रहे थे। इनके पास क्या हथियार या दस्तावेज बरामद हुए हैं। पश्चिमी उत्तर प्रदेश में इनके नेटवर्क से और कौन-कौन से लोग जुड़े हुए हैं। आने वाले दिनों में इस मामले में कई और बड़े खुलासे होने की उम्मीद है।
रिपोर्ट – मोहित त्यागी



