Slide 1
Slide 1
देवरिया

देवरिया : आकाशीय बिजली गिरने से दो लोगों की मौत,एक झुलसा एवं भैंस भी मरी

असगर अली, ब्यूरो चीफ/देवरिया । जनपद में शुक्रवार को तेज आंधी, बारिश और गरज-चमक के बीच आकाशीय बिजली गिरने से दो लोगों की जान चली गई। इन घटनाओं में एक महिला और एक युवक शामिल हैं। वहीं, एक अन्य युवक गंभीर रूप से झुलस गया, जबकि एक भैंस की भी मौत हो गई।भाटपाररानी तहसील क्षेत्र के श्रीरामपुर अहिबरन राय टोला में शुक्रवार सुबह बिजली गिरने की चपेट में आने से सुरजावती पुत्री बनारसी गुप्ता की मौत हो गई। बताया गया कि सुरजावती दो दिन पहले ही अपनी छह माह की बेटी के साथ ससुराल से मायके आई थीं। उनके पिता नए मकान का निर्माण करा रहे थे।शुक्रवार की भोर में तेज हवा और बारिश शुरू होने पर परिवार के लोग निर्माणाधीन मकान के सामने डाले गए छप्पर के नीचे बैठे थे। इसी दौरान बिजली गिरी और सुरजावती उसकी चपेट में आ गईं। परिजन उन्हें तत्काल प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र भाटपाररानी ले गए, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। दूसरी घटना खुखुंदू थाना क्षेत्र के नारायणपुर गांव निवासी धर्मेंद्र कुमार (40) की भी शुक्रवार सुबह आकाशीय बिजली गिरने से मौत हो गई। वह अपने घर के सामने बैठे थे, तभी अचानक वज्रपात हुआ और वह गंभीर रूप से झुलस गए। परिजन उन्हें अस्पताल ले जाने की तैयारी कर ही रहे थे कि उनकी मौत हो गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।गौरीबाजार थाना क्षेत्र के सोहसा गांव के करौदी टोला निवासी 30 वर्षीय राजन भी वज्रपात की चपेट में आकर गंभीर रूप से झुलस गए। वह सुबह शौच के लिए खेत की ओर गए थे, तभी तेज बारिश और गरज-चमक के बीच बिजली गिरी। परिजनों ने उन्हें तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गौरीबाजार पहुंचाया, जहां हालत गंभीर होने पर चिकित्सकों ने महर्षि देवरहा बाबा मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। इसके अतिरिक्त, भलुअनी थाना क्षेत्र के धनौती गांव में मनोज यादव की एक भैंस की भी आकाशीय बिजली गिरने से मौत हो गई।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button