गोरखपुर : प्रेशर हॉर्न और शराब पीकर वाहन चलाने वालों पर चला महाभियान

त्रिलोकी नाथ राय /गोरखपुर/सदर। सड़क सुरक्षा को लेकर गोरखपुर पुलिस एक बार फिर पूरी तरह एक्शन मोड में दिखाई दी। गोरखपुर लिंक एक्सप्रेस-वे पर भगवानपुर टोल प्लाजा नंबर-4 के समीप यातायात नियमों की धज्जियां उड़ाने वाले वाहन चालकों के खिलाफ विशेष महाभियान चलाया गया। अभियान के दौरान प्रेशर हॉर्न का इस्तेमाल करने और मदिरा का सेवन कर वाहन चलाने वाले चालकों पर पुलिस ने कड़ी कार्रवाई की, जिससे वाहन चालकों में हड़कंप की स्थिति रही। यह विशेष अभियान टीएसआई मनोज कुमार राय के निर्देशन में संचालित किया गया, जिसमें टीएसआई सत्येंद्र बहादुर सिंह, आशुतोष वर्मा, माता शंकर मिश्रा, शिवशंकर सिंह सहित समस्त पुलिस टीम पूरी मुस्तैदी के साथ मौजूद रही। अभियान के दौरान एक्सप्रेस-वे से गुजरने वाले वाहनों की सघन जांच की गई। पुलिस टीम ने वाहनों के दस्तावेजों की जांच के साथ-साथ प्रेशर हॉर्न लगे वाहनों को चिन्हित कर कार्रवाई की तथा शराब पीकर वाहन चलाने वालों की ब्रेथ एनालाइजर से जांच भी की।पुलिस अधिकारियों ने बताया कि प्रेशर हॉर्न जहां ध्वनि प्रदूषण बढ़ाने के साथ सड़क दुर्घटनाओं का कारण बनते हैं, वहीं शराब पीकर वाहन चलाना न केवल चालक बल्कि अन्य राहगीरों के जीवन को भी गंभीर खतरे में डाल देता है। इसी को देखते हुए यह अभियान विशेष रूप से चलाया गया ताकि सड़क सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक प्रभावी बनाया जा सके।अभियान के दौरान कई वाहन चालकों को यातायात नियमों का पालन करने की सख्त हिदायत दी गई, जबकि नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध विधिक कार्रवाई भी की गई। पुलिस की इस सख्ती को देखकर वाहन चालकों में जागरूकता के साथ-साथ नियमों के पालन को लेकर गंभीरता भी दिखाई दी। टीएसआई सत्येंद्र बहादुर सिंह ने बताया कि सड़क पर लोगों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और यातायात नियमों की अनदेखी किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि प्रेशर हॉर्न एवं मदिरा पीकर वाहन चलाने वालों के खिलाफ यह अभियान अनवरत जारी रहेगा तथा भविष्य में भी और अधिक सख्ती के साथ कार्रवाई की जाएगी। लोगों ने भी पुलिस के इस अभियान की सराहना करते हुए कहा कि ऐसे अभियान सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने और सुरक्षित यातायात व्यवस्था स्थापित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। गोरखपुर पुलिस की इस सक्रियता से यह संदेश साफ है कि यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के लिए अब कोई रियायत नहीं होगी।




